लोकसभा-राज्यसभा में भारी हंगामा
![](ws/sabkikhabarcom/news/202412/sansad-2.jpg)
- दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली। संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध बरकरार है। लोकसभा में पहले अदाणी, संभल जैसे मुद्दे और फिर भाजपा के राहुल गांधी पर गंभीर आरोपों को लेकर हंगामा हुआ। ऐसे ही राज्यसभा की कार्यवाही नोटों की गड्डी मिलने को लेकर हंगामेदार रही। आज भी दोनों सदनों में हंगामे के आसार हैं। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि हमने भारतीय संविधान को अपनाने की एक सदी की चौथी तिमाही में प्रवेश करके अपना वर्तमान सत्र शुरू किया। पूरे सप्ताह सदन में कामकाज नहीं हो सका। किसी को भी सदन को ठप नहीं करना चाहिए। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, देश को कांग्रेस, विपक्षी दलों और अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के बीच संबंधों के बारे में जानने का अधिकार है। इस मुद्दे को सदन में उठाना सांसद का अधिकार है। लेकिन विपक्ष मेरी आवाज और उनके (विपक्ष) अंतरराष्ट्रीय संबंधों को दबाने की कोशिश कर रहा है। सोरोस जैसे लोग जो देश को बांटना चाहते हैं और खालिस्तान का समर्थन करते हैं...कांग्रेस पार्टी फंस गई है...।
कांग्रेस और सहयोगी दलों के हंगामे के बाद सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 जबे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
हर मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मुझे लगता है कि देश के सामने कुछ मुद्दे हैं, जिन्हें राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। जॉर्ज सोरोस और उनके संबंध जो सामने आए हैं, हम इसे कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी से संबंधित मुद्दे के रूप में नहीं देखते हैं। हमें इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए खासकर अगर यह भारत विरोधी ताकतों से संबंधित है। हम इसे पार्टी की राजनीति के रूप में नहीं देखते हैं। हमने कांग्रेस और अन्य दलों से कहा है कि हम 13 और 14 दिसंबर (लोकसभा में) और 16 और 17 दिसंबर (राज्यसभा में) को संविधान पर चर्चा करेंगे। मैं कांग्रेस पार्टी के नेताओं और उसके कार्यकर्ताओं से अपील करना चाहता हूं कि अगर उनके नेताओं के भी भारत विरोधी ताकतों से संबंध पाए जाते हैं, तो उन्हें भी अपनी आवाज उठानी चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके दीर्घायु होने एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों के चलते पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली है। वह राज्यसभा सदस्य तथा कांग्रेस ससंदीय दल की अध्यक्ष हैं। सोनिया गांधी सोमवार को 78 साल की हो गईं।