महाराष्ट्र में आज शाम नए सीएम लेंगे शपथ

फडणवीस सीएम, शिंदे-अजित डिप्टी सीएम होंगे
मोदी-शाह समेत 2 हजार वीआईपी शामिल होंगे
मुंबई। सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद फडणवीस, शिंदे और पवार ने 4 दिसंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। महाराष्ट्र में गुरुवार को नई सरकार शपथ लेगी। भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। फडणवीस 2014 से 2019 में पहली बार सीएम बने थे। 2019 में अजित पवार की मदद से वो ष्टरू बने, लेकिन दो दिन बाद ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। पिछली एकनाथ शिंदे सरकार में वे डिप्टी सीएम रह चुके हैं। फडणवीस के साथ शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और एनसीपी सुप्रीमो अजित पवार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। फडणवीस के बाद शिंदे सीएम से डिप्टी सीएम बनने वाले दूसरे नेता हैं। अजित पवार छठी बार उप मुख्यमंत्री बनेंगे। वे महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन में डिप्टी सीएम रह चुके हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा के अलावा भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों समेत 2 हजार वीआईपी को न्योता भेजा गया है। समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:30 बजे से होगा। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन शपथ दिलवाएंगे। 40 हजार लोगों के आने की संभावना है।
आज मंत्री शपथ नहीं लेंगे
सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को इन तीनों के अलावा कोई मंत्री शपथ नहीं लेगा। हालांकि महायुति के बीच कैबिनेट बंटवारे का फॉर्मूला फाइनल हो चुका है। फडणवीस कैबिनेट में भाजपा के 19, एनसीपी के 7 और शिवसेना के 5 विधायकों को शामिल किया जाएगा। ये इसी महीने राजभवन में शपथ लेंगे। तारीख तय नहीं है।