लोन सस्ते हो सकते हैं, EMI भी घटेगी

-
RBI ने ब्याज दर 0.50% घटाकर 5.50% की
-
5 महीने में तीसरी बार घटाया रेपो रेट
मुंबई। मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी में 6 सदस्य होते हैं। इनमें से 3 RBI के होते हैं, जबकि बाकी केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त किए जाते हैं। RBI की मीटिंग हर दो महीने में होती है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ब्याज दर को 0.50% घटाकर 5.50% कर दिया है। यानी आने वाले दिनों में लोन सस्ते हो सकते हैं। आपकी EMI भी घटेगी। मॉनीटरी पॉलिसी कमेटी मीटिंग के फैसलों की जानकारी RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आज 6 जून को सुबह 10 बजे दी। ये मीटिंग 4 जून को शुरू हुई थी।
इस साल रेपो रेट में कुल 1% की कटौती हुई
इस साल फरवरी में हुई मीटिंग में ब्याज दरों को 6.5% से घटाकर 6.25% कर दिया था। मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की ओर से ये कटौती करीब 5 साल बाद की गई थी। फिर अप्रैल में हुई मीटिंग में भी ब्याज दर 0.25% घटाई गई। अब तीसरी बार दर घटाई गई है। यानी, मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने तीन बार में ब्याज दर को 1% घटाया गया है।
रेपो रेट के घटने से क्या बदलाव आएगा?
रेपो रेट घटने के बाद बैंक भी हाउसिंग और ऑटो जैसे लोन्स पर अपनी ब्याज दरें कम कर सकते हैं। वहीं ब्याज दरें कम होंगी तो हाउसिंग डिमांड बढ़ेगी। ज्यादा लोग रियल एस्टेट में निवेश कर सकेंगे। इससे रियल एस्टेट सेक्टर को बूस्ट मिलेगा।