मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा: पार्थिव देह निगमबोध घाट रवाना
- पत्नी-बेटी और राहुल-प्रियंका ने श्रद्धांजलि दी
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए पीएम आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन के अंतिम दर्शन किए। इसके बाद पार्थिव देह को निगमबोध घाट ले जाया जा रहा है।
अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा। 11:35 पर अंत्येष्टि की जाएगी। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। निगमबोध घाट पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। केसी वेणुगोपाल ने कहा- सरकार पूर्व पीएम का स्मारक बनाने के लिए जमीन तक नहीं तलाश पाई। ये देश के पहले सिख पीएम का अपमान है। दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी-शाह से मांग की थी कि मनमोहन सिंह का जहां अंतिम संस्कार हो, वहीं स्मारक बनाया जाए।