सेंसेक्स 30 अंक गिरकर 80,700 पर कारोबार कर रहा

-
निफ्टी भी लुढ़का; टाटा मोटर्स का शेयर 3.15% चढ़ा
मुंबई। हफ्ते के चौथे कारोबार दिन आज यानी गुरुवार, 8 मई को शेयर बाजार में कारोबार फ्लैट है। सेंसेक्स करीब 30 अंक गिरकर 80,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 20 अंक की गिरावट है, ये 24,400 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी है। टाटा मोटर्स का शेयर आज फिर 3.15% चढ़ा है। पावर ग्रिड, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर 1.5% तक ऊपर हैं। जोमैटो और ITC में 1.4% तक की गिरावट है। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 31 में गिरावट है। रियल्टी फार्मा मेटल FMCG और हेल्थकेयर सेक्टर में 1% की गिरावट है। ऑटो IT मीडिया और बैंकिंग सेक्टर 1% ऊपर कारोबार कर रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट में तेजी, दो दिन बाद चढ़े अमेरिकी बाजार
- एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 83 अंक (0.23%) की तेजी के साथ 36,863 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कोरिया के कोस्पी में 0.46% की तेजी है, ये 2,586 पर है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 247 अंक (1.09%) चढ़कर 22,938.54 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, चीन के शंघाई कंपोजिट में 26 अंक (0.80%) चढ़कर 3,343 पर है।
- 7 मई को अमेरिका का डाउ जोन्स 285 अंक (0.70%) चढ़कर 41,114 पर, नैस्डेक कंपोजिट 48 अंक (0.27%) चढ़कर 17,738 पर और S&P 500 इंडेक्स 0.43% चढ़कर बंद हुआ।
पाकिस्तानी शेयर बाजार में आज 1.5% की तेजी
आज (8 मई) पाकिस्तानी शेयर बाजार में 964 अंक (0.88%) की तेजी है। ये 110,973 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कल (7 मई) भारत की ओर से स्ट्राइक के बाद कराची-100 इंडेक्स 3,556 अंक (3.13%) गिरकर 110,013 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में इसमें करीब 6% की गिरावट थी।
विदेशी निवेशकों ने कल ₹9,648 करोड़ के शेयर खरीदे
- भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों (FII) की खरीदारी जारी है। कल यानी 7 मई को विदेशी निवेशकों ने 9,647.98 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 7,059.96 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
- अप्रैल महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 2,735.02 करोड़ रुपए रही। घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में 28,228.45 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
ग्रीन एनर्जी सेक्टर में FDI 5 साल में 8 गुना
भारतीय ग्रीन एनर्जी सेक्टर में फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट (FDI) 5 साल में 8 गुना हो गया। 2024-25 के दौरान देश के ग्रीन एनर्जी सेक्टर में करीब 12 अरब डॉलर (1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा) का FDI आया।
2024-25 की पहली तीन तिमाहियों (9 महीने) में ही वित्त वर्ष 2023-24 के पूरे साल के बराबर विदेशी निवेश हो गया था। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरमेंट एंड वाटर के ग्रीन फाइनेंस सेंटर (सीईईडब्ल्यू-जीएफसी) की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021-2025 के दौरान भारत के ग्रीन एनर्जी सेक्टर में एफडीआई आठ गुना हो गया।
देश के कुल एफडीआई में ग्रीन एनर्जी सेक्टर की हिस्सेदारी 2021 में 1.3% थी। लेकिन 2025 में यह बढ़कर 8.4% हो गई। न्यू एंड रिन्यू नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, 2021 से 2024 के बीच ग्रीन एनर्जी सेक्टर में विदेशी निवेश 4 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
कल शेयर बाजार में रही थी तेजी
मंगलवार देर रात पाकिस्तान और PoK के भीतर गई एयर स्ट्राइक का असर शेयर बाजार पर नहीं दिखा। बुधवार, 7 मई को सेंसेक्स 106 अंक चढ़कर 80,747 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 35 अंक की तेजी रही। ये 24,414 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में तेजी देखने को मिली। टाटा मोटर्स का शेयर 5.20% चढ़ा। बजाज फाइनेंस, जोमैटो, अडाणी पोर्ट्स सहित कुल 8 शेयर 2% तक चढ़कर बंद हुए। जबकि, एशियन पेंट्स में 4% की गिरावट रही। सनफार्मा, ITC, 2% नेस्ले और रिलायंस में 2% तक की गिरावट रही।
वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 26 में गिरावट रही। NSE के सेक्टोरल इंडाइसेज में ऑटो में 1.66%, रियल्टी में 1.12%, मीडिया में 1.06% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.18% की तेजी रही। वहीं, FMCG और फार्मा में मामूली गिरावट है।