• महिलाओं को भी लगी चोटें

  • पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया केस

इंदौर। इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित नादिया नगर में छत पर कचरा फेंकने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात गाली-गलौज से मारपीट और ईंट-पत्थर चलने तक पहुंच गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों की शिकायतों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत पर पड़ोसी ने कचरा फेंका

एमआईजी पुलिस के मुताबिक, अशोक कुशवाह निवासी नादिया नगर ने शिकायत में बताया कि उनके घर की छत पर पड़ोसी जितेंद्र ओझा ने कचरा फेंका था। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो जितेंद्र और मीना ने उनसे बहस शुरू कर दी। बहस के दौरान जितेंद्र ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मीना ने ईंट उठाकर उनके सिर पर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इस दौरान बीचबचाव करने आई अशोक की पत्नी रेखा को भी ईंट मार दी गई, जो उसके पैर में लगी। इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में अशोक कुशवाह की शिकायत पर जितेंद्र ओझा, नत्थू ओझा और मीना के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

ईंट से हमला, खिड़कियों के कांच भी फोड़े

दूसरी ओर, मनोज शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके ससुराल के पड़ोसी अशोक कुशवाह ने कचरा फेंकने की बात को लेकर उनके साले जितेंद्र के साथ गाली-गलौज की और मना करने पर सरिए से हमला कर दिया। सरिया जितेंद्र के हाथ में लगा। जब सास संध्या और साली मीना बीचबचाव करने आईं, तो अशोक ने संध्या के सिर पर ईंट मार दी, जिससे खून बहने लगा। इसी दौरान अशोक का बेटा अंकित भी मौके पर पहुंच गया और उसने मीना को ईंट मार दी, जिससे उसे भी चोट आई। मनोज का आरोप है कि दोनों ने मिलकर घर की खिड़कियों पर पत्थर फेंके, जिससे कांच टूट गए। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एमआईजी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों ही मामलों में मारपीट, जान से मारने की धमकी, घर में तोड़फोड़ और गंभीर चोट पहुंचाने जैसी धाराएं शामिल की गई हैं।