CM ने किया 'सिविल सेवा दिवस' समारोह का शुभारंभ

-
नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत
भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार को प्रशासन अकादमी में आयोजित सिविल सेवा दिवस समारोह का सीएम मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसमें अधिकारियों से नामांकन मंगाकर समिति द्वारा चयन किया जाता है। पिछले दो साल के प्रदर्शन के आधार पर कार्यक्रम के दौरान डेढ़ दर्जन से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों को सीएम एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा, 21 अप्रैल सिविल सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरदार पटेल का भाषण सबको याद है। पटेल ने जो कहा वो हमारे सामने आदर्श है। 3 बातें उन्होंने कही थी डिग्निटी, इंटीग्रिटी और.... एक सिविल सर्वेंट के नाते जब हम ये सोचें कि हमारे सिस्टम ने क्या अचीव किया पॉलिटिकल लीडर हमें विजन देते हैं। उसे इम्प्लीमेंट करने का काम हम सब करते हैं। 2047 तक विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के स्वप्न को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। करप्शन फ्री गुड गवर्नेंस के लिए ऐसे देश का निर्माण हो जिसमें आम आदमी की जिंदगी बेहतर हो सके। नौजवान अफसरों के कंधों पर दोहरी जिम्मेदारी है। हमारे ACS साथियों की सर्विस कम बची है। यंग ऑफिसर्स विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपना सर्वश्रेष्ठ दें।
जिन्होंने जो नवाचार किए उनका संकलन कराना चाहिए - सीएम
समारोह में CM डॉ मोहन यादव ने कहा - मुझे दो उदाहरण याद आते हैं। एक 22 सौ साल पहले का है। जब एक व्यक्ति के लिए कितनी मेहनत की चाणक्य ने। चंद्रगुप्त को ढूंढा। उन्होंने कहा, तुम राजा बन जाओ। महामंत्री मैं बनूंगा, चीफ सेक्रेटरी मैं बनूंगा। जिन्होंने सर्विस की मानसिकता से पूरा उपक्रम किया। सरदार पटेल ने क्या-क्या नहीं किया। उनके उदगार आज भी याद हैं। सिविल सर्वेंट को क्या करना चाहिए वो उन्होंने बताया था। मध्यप्रदेश के विकास में सबने अपना योगदान दिया। अभी मैंने जिन्हें पुरस्कार दिया तो देखा चेक बहुत बड़ा था। डिजिटल युग में चेक की जरूरत है क्या। मैंने कहा है कि जिन्होंने जो नवाचार किए उनका संकलन कराना चाहिए।