जय श्रीमहाकाल...बाबा के आशीर्वाद से हर वादा पूरा करेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने सपत्नीक सावन मास के दूसरे दिन श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्मारती दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद शिप्रा नदी के नरसिंह घाट पर डुबकी लगाई। विदेश प्रवास पर रवाना होने से पहले प्रदेशवासियों की समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि "बाबा महाकाल की असीम कृपा से ही मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
हाइलाइट्स
- सीएम सपत्नीक महाकाल की भस्मारती में हुए शामिल
- मोहन ने नरसिंह घाट पर स्नान कर किया पूजन-अर्चन
- मुख्यमंत्री ने मंदिर में भक्तों से मिलकर जानी कुशलक्षेम
- चंदन-गुलाब के फूल की माला से भगवान का हुआ श्रृंगार
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के पट श्रावण माह के दूसरे दिन शनिवार तड़के (4 बजे) भस्म आरती के दौरान खोले गए। पंडे और पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक और दूध, दही, घी, शकर, फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया। इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। भगवान महाकाल को मस्तक रजत, चंद्र, भांग, चन्दन और गुलाब के फूल की माला अर्पित की। श्रृंगार पूरा होने के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्मी रमाई गई। भगवान महाकाल का भांग, ड्रायफ्रूट और आभूषण के साथ फूलों से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। भस्म अर्पित करने के बाद शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगन्धित पुष्प की माला अर्पित की। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव श्रावण माह के दूसरे दिन सपत्नीक भगवान श्रीमहाकाल के दर्शन कर भस्मारती में शामिल हुए। भस्मारती के बाद उन्होंने भगवान श्रीमहाकाल का पूजन किया। पुजारी आकाश गुरु द्वारा पूजन संपन्न करवाया गया। मुख्यमंत्री ने नरसिंह घाट पर स्नान कर पूजन-अर्चन भी किया।
श्रद्धालुओं से पूछा अनुभव
मुख्यमंत्री ने श्रीमहाकाल मंदिर परिसर में भ्रमण कर भस्मारती में शामिल हुए श्रद्धालुओं से उनके मंदिर में दर्शन अनुभव की जानकारी ली और उनकी कुशल क्षेम जानी। अयोध्या से उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन करने आई महिला श्रद्धालु ने सीएम को धन्यवाद देकर कहा कि उनके दर्शन सुलभता से पूर्ण हुए।
मप्र प्रगति की ओर अग्रसर
मुख्यमंत्री ने कहा की बाबा श्रीमहाकाल की कृपा और पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश देश के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रगति कर समृद्धि की और अग्रसर है। इंदौर में आयोजित ग्रोथ समिट में प्राप्त निवेश से प्रदेश के युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। युवाओं को स्कूल एवं कॉलेज में विश्व स्तरीय रोजगारमूलक पाठ्यक्रम की शिक्षा दी जा रही है। युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए 3 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए जा रहे है।
देवस्थानों में उचित प्रबंधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रमोशन के माध्यम से प्रदेश के 5 लाख अधिकारी और कर्मचारियों को फायदा होगा। प्रदेश में सभी क्षेत्रों में समान रूप से निवेश आकर्षित कर युवाओं को रोजगार के समान अवसर दिए जा रहे है। प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की सभी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कावड़ यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के साथ, उनकी सुविधा के लिए प्रदेश के सभी देवस्थानों में उचित प्रबंधन किए गए है।
संकल्प भी पूरा किया जाएगा
सरकार सर्वजन हिताय के ध्येय को आत्मसात कर कार्य कर रही है। लाड़ली बहनों और सभी वर्ग से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही प्रदेश में शासकीय नौकरियों में बहनों को 35 फीसदी आरक्षण दिया गया है। श्रीमहाकाल की कृपा से विभिन्न योजनाओं अंतर्गत 5 हजार का इनसेंटिव इंडस्ट्री में लेबर को देने का संकल्प भी पूरा किया जाएगा।