• नदियों को जोड़ने की परियोजना, पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा, एयर एंबुलेंस 

भोपाल। 2024 में मध्य प्रदेश को नदियों के जोड़ने की परियोजनाएं, पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा, और एयर एम्बुलेंस जैसी बड़ी सौगातें मिलीं। खजुराहो डांस फेस्टिवल में गिनीज रिकॉर्ड, पर्यावरणीय योजनाएं, और बुनियादी ढांचा विकास से राज्य में पर्यटन, ऊर्जा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। 2024 का साल मध्य प्रदेश के लिए कई विकासात्मक और ऐतिहासिक सौगातों के रूप में याद रखा जाएगा। राज्य में नदियों के जोड़ने की परियोजनाओं से लेकर पर्यटन और उद्योग क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं। प्रदेश को मिली नदियों को जोड़ने की परियोजना, पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा, और एयर एम्बुलेंस सेवा जैसी योजनाएं इस वर्ष की प्रमुख उपलब्धियां रही। इसके अलावा, खजुराहो डांस फेस्टिवल में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, और गीता जयंती पर कर्म योग का सस्वर पाठ जैसे सांस्कृतिक योगदान भी राज्य के नाम रहे। 
नदियों को जोड़ने की परियोजना की सौगात 
मध्य प्रदेश और राजस्थान और मध्य प्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच वर्षों पुरानी परियोजना की सौगात मिली। संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जयपुर में एमपी, राजस्थान और केंद्र सरकार के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ। इससे प्रदेश के 10 जिलों को लाभ मिलेगा। वहीं, केन-बेतवा लिंक परियोजना की भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खजुराहो में आधारशिला रखी। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 45 हजार करोड़ रुपए है। इस परियोजना से प्रदेश के 10 जिलों के 2 हजार से ज्यादा ग्रामों में 8 लाख 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में वार्षिक सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे प्रदेश की करीब 44 लाख आबादी को पेयजल की सुविधा होगी। वहीं ,130 मेगावॉट बिजली का उत्पादन होगा। दोनों ही परियोजना में नदियों को लिंक किया जाएगा और नहर बना कर खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा। इससे पर्यटन और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। 
एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत
मध्य प्रदेश में दो मार्च को एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरूआत  हुई। इसका उपयोग गंभीर रूप से बीमार और घायल व्यक्तियों को राज्य के अस्पतालों में पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।  सीएम मोहन यादव ने उज्जैन के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन के दौरान डिजिटल तरीके से पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की। 
जनविश्वास कानून बनाने वाला केंद्र के बाद पहला राज्य बना एमपी 
मध्य प्रदेश केंद्र के बाद पहला राज्य बन गया है, जिसने जनविश्वास विधेयक-2024 को विधानसभा में पारित किया। यह मध्य प्रदेश शासन की एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे सुशासन में पारदर्शिता आएगी। इसके तहत अब छोटी गलतियों को अपराध की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा, बल्कि इन्हें संबंधित विभाग स्तर पर ही निपटाया जाएगा। इस विधेयक में राज्य के 5 प्रमुख विभागों (औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, ऊर्जा, सहकारिता, श्रम, नगरीय विकास एवं आवास) के 8 अधिनियमों की 64 धाराओं में संशोधन किया गया है। इनमें कारावास की सजा को जुर्माने में बदलने, दंड को शास्ति में परिवर्तित करने और शमन (कंपाउंडिंग) प्रावधानों का समावेश किया गया है। इसके अतिरिक्त, 920 अप्रचलित अधिनियमों को समाप्त कर दिया गया है।
पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा का शुभारंभ 
राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 जून को 'पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा' का शुभारंभ किया। इस सेवा का उद्देश्य पर्यटन गंतव्यों तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। 'पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा' के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, ग्वालियर, सिंगरौली और खजुराहो को हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा गया। इस सेवा का संचालन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा निजी भागीदारी के आधार पर मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड (फ्लायओला) द्वारा किया जा रहा है।  
राजधानी से सटा रातापानी अभयारण्य बना टाइगर रिजर्व 
बाघों के संरक्षण के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने रातापानी वन्यजीव अभयारण्य को टाइगर रिजर्व घोषित किया है। यह प्रदेश का आठवां टाइगर रिजर्व है। यह फैसला काफी समय से लंबित था। 2008 में हृञ्जष्ट्र से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद भी राज्य सरकार ने टाइगर रिजर्व बनाने में देरी की थी। इसको लेकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की गई थी। इसमें इंसानों और जानवरों के बीच बढ़ते संघर्ष और बाघों की आबादी की रक्षा की जरूरत का हवाला दिया था। रातापानी टाइगर रिजर्व पार्क के लिए 17 साल का करना पड़ा इंतजार पड़ा। यहां पर करीब 90 बाघ है। 
ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर पावर प्रोजेक्ट का शुभारंभ 
ओंकारेश्वर में फ्लोटिंग सोलर पावर प्रोजेक्ट के प्रथम चरण में 278 मेगावॉट की पूर्ण क्षमता से विद्युत उत्पादन करना प्रारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खजुराहो से प्रोजेक्टा का लोकार्पण किया। इसमें पानी के ऊपर सोलर पैनल बनाकर बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। 
इंदौर लगातार सातवीं बार बना सबसे साफ शहर 
12  जनवरी 2024 को इंदौर को सातवीं बार देश के सबसे साफ शहर का खिताब मिला है। सीएम मोहन यादव ने दिल्ली में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण कार्यक्रम में यह अवॉर्ड दिया।  दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भी मौजूद रहे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह पुरस्कार दिया। इस बार इंदौर के साथ सूरत को भी संयुक्त रूप से स्वच्छ शहर का अवॉर्ड मिला।