शंभू बॉर्डर से किसानों का दिल्ली मार्च
- जाली उखाड़ बैरिकेड तोड़ने की कोशिश
- हरियाणा पुलिस ने वाटर कैनन-आंसू गैस के गोले दागे
शंभू बॉर्डर। हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से 101 किसान दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए, लेकिन घग्गर नदी पर बने पुल पर उन्हें हरियाणा पुलिस ने रोक दिया। करीब 45 मिनट तक पुलिस और किसानों में बहस हुई। इसके बाद किसानों ने जाली उखाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इससे पहले 2 बार हरियाणा पुलिस किसानों को बॉर्डर से खदेड़ चुकी है। उधर, हरियाणा सरकार ने अंबाला जिले के 12 गांवों में इंटरनेट बैन 18 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। ये सेवाएं सुबह 6 बजे से 17 दिसंबर रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। वहीं खनौरी बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा (नॉन पॉलिटिकल) के नेता जगजीत डल्लेवाल लगातार 19वें दिन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि डल्लेवाल की सेहत को लेकर पूरा देश चिंतित है। मगर, देश के प्रधानमंत्री नहीं।