महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सीएम

- लाड़ली बहनों के खाते में ट्रांसफर होंगे 1250 रुपए
- महिला अधिकारियों ने संभाली सुरक्षा की कमान
भोपाल। सीएम डॉ मोहन यादव शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान सीएम की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की कमान महिला अधिकारियों के हाथों सौंपी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव महिलाओं और बच्चों के क्षेत्र में समाज सेवा, सुरक्षा, वीरता एवं साहसिक कार्यों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1250 रुपए की किस्त भी आज ही ट्रांसफर की जाएगी। इसी तरह उज्जवला योजना की गैस कनेक्शनधारक महिलाओं के खाते में डीबीटी के जरिए भी राशि ट्रांसफर की जाएगी। सीएम आज महिला स्वसहायता समूह के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में सबसे पहले मुख्यमंत्री ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी खिंचाई, और उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही दीवार पर बहनों को बधाई भी लिखा। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, निर्मला भूरिया, विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद हैं। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम यादव महिला एवं बाल विकास विभाग के पुरस्कारों का वितरण करेंगे। इस विभाग द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए राष्ट्र माता पद्मावती पुरस्कार (2023), राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार (2023-24), रानी अवंती बाई वीरता पुरस्कार (2024) और विष्णु कुमार महिला एवं बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान पुरस्कार (2024) दिए जाएंगे।
इसी के साथ सीएम डॉ. यादव महिला दिवस के अवसर पर लाड़ली बहना योजना में 1.27 करोड़ महिलाओं के खाते में माह मार्च 2025 की लगभग 1552.73 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे। 26 लाख महिलाओं को 55.95 करोड़ रुपए गैस सिलेंडर रिफिलिंग के ट्रांसफर किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सीएम यादव स्वसहायता समूहों और लाड़ली बहनों के साथ संवाद भी करेंगे।
महिलाएं संभाल रही सीएम के सुरक्षा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सुरक्षा और कारकेड सहित अन्य व्यवस्थाओं की सारी कमान महिलाएं संभाल रही हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा के पास है। वहीं मुख्यमंत्री का वाहन इंस्पेक्टर इरशाद अली चला रही हैं। कारकेड के वाहनों की जिम्मेदारी सपना सहित अन्य महिला चालकों पर है। ओएसडी का दायित्व अंडर सेक्रेटरी श्रीलेखा श्रोत्रिय निभा रही हैं। प्रेस अधिकारी की जिम्मेदारी बिंदू सुनील और सोनिया परिहार के पास है।