MP के शहडोल में पारा 1º, अयोध्या में 2.5º
![](ws/sabkikhabarcom/news/202412/mosam-3.jpg)
कानपुर में 4.5º के साथ 13 साल का रिकॉर्ड टूटा, राजस्थान में पत्तों पर बर्फ जमी
नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण देश के उत्तरी राज्यों में सर्दी तेज होती जा रही है। मध्य प्रदेश में 7 दिनों से शीतलहर चल रही है। सोमवार को भोपाल, जबलपुर समेत 37 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट है। शहडोल में तापमान 1.0 डिग्री पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पारा 2.5 डिग्री पहुंच चुका है। कानपुर में 13 साल बाद न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां 2011 में 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज हुआ था राजस्थान में अगले चार दिन कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। सीजन में पहली बार शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। फतेहपुर (सीकर) में तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया। माउंट आबू में पत्तों पर बर्फ जम गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को बिहार-हरियाणा समेत 14 राज्यों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। पंजाब और MP में सीवियर कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
17 दिसंबर: 4 राज्यों में बारिश, हरियाणा-UP में घना कोहरा
- तमिलनाडु, पुडुचेरी में 12 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है।
- हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट है। इन राज्यों में विजिबिलिटी भी घट सकती है।
- राजस्थान में कोल्ड वेव का अलर्ट है। यहां कई शहरों में तापमान 5 डिग्री के नीचे रहने की उम्मीद है।
18 दिसंबर: 5 राज्यों में बारिश, राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के अलावा केरल में बिजली गिरने के साथ बारिश के आसार हैं।
- राजस्थान के कुछ इलाकों में लगातार दूसरे दिन शीतलहर चलेगी। तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।
- नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी ठंड बढ़ सकती है। यहां तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
19 दिसंबर: MP में कोल्ड वेव नहीं चलेगी, दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, केरल में बिजली चमकने के साथ 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी।
- राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में शीतलहर चलेगी।
- दक्षिण भारत के राज्यों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।