बाघों की आबादी वाला दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्यान बना काजीरंगा

हर 100 वर्ग किमी में पाए गए 18 बाघ
गुवाहाटी। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब यह दुनिया में बाघों की तीसरी सबसे ज्यादा आबादी वाला इलाका बन गया है। यह जानकारी काजीरंगा पार्क की नई रिपोर्ट स्टेटस ऑफ टाइगर्स इन काजीरंगा 2024 में दी गई है। रिपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय टाइगर दिवस के मौके पर जारी किया गया है। अब इस पार्क में हर 100 वर्ग किलोमीटर पर 18 बाघ की होने की पुष्टि की गई है। इस मामले में पार्क की फील्ड डायरेक्टर सोनाली घोष के अनुसार, 2022 की तुलना में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अब यहां कुल 148 बाघ हैं। इसमें बिश्वनाथ वाइल्डलाइफ डिवीजन में पहली बार सर्वे हुआ जिसमें 27 बाघ मिले। ईस्टर्न असम वाइल्डलाइफ डिवीजन में 2022 में 104 बाघ थे जो अब बढ़कर 115 हो गए हैं। नागांव डिवीजन में बाघों की संख्या 6 बनी हुई है। बता दें कि बाघों की गिनती के लिए दिसंबर 2023 से अप्रैल 2024 तक पूरे रिजर्व में 1,300 वर्ग किमी क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए। इन कैमरों की मदद से 148 वयस्क बाघों की पहचान हुई, जिसमें 83 मादा, 55 नर और 10 की पहचान स्पष्ट नहीं हुई। यह सर्वे नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के गाइडलाइन के अनुसार किया गया।