प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया
- भिंड पेड़ से टकराया ट्रैक्टर, ड्राइवर की मौत
- मऊगंज में 20 मीटर रही विजिबिलिटी
- ग्वालियर और मुरैना में 8वीं क्लास तक के स्कूलों की छुट्टी
भोपाल। मध्यप्रदेश में जनवरी महीने में मावठा यानी बारिश होने का ट्रेंड है। पिछले 10 में से 8 साल मावठा गिरा है। ऐसा ही मौसम इस बार भी रहेगा। मौसम विभाग ने 12 जनवरी से प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। ऐसा उत्तर-पश्चिम भारत में 10 जनवरी को एक्टिव होने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से हो सकता है। सोमवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया रहा। मऊगंज जिले में विजिबिलिटी 20 मीटर रही। वहीं, भिंड के उमरी में घने कोहरे के चलते एक ट्रैक्टर पेड़ से टकरा गया। छैकुर का पुरा गांव निवासी रिंकू यादव तड़के 4 बजे ट्रैक्टर लेकर निकला था। विजिबिलिटी कम होने के कारण ट्रैक्टर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, जिससे पहिया टूट गया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई।
कल से पारे में 2-3 डिग्री की गिरावट
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया- मंगलवार से दिन-रात के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। अभी उत्तर भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की एक्टिविटी है। इस वजह से बर्फीली हवा प्रदेश में आने लगेगी। जिसकी रफ्तार तेज होगी। यह ठंड का असर बढ़ाएगी। इधर, शीतलहर के चलते ग्वालियर और मुरैना में 8वीं क्लास तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं, भिंड में स्कूलों का समय बदला है।