धान उपार्जन घोटाला: सिवनी की शकुंतला देवी राइस मिल पर EOW का शिकंजा

-
अब तक 145 व्यक्तियों पर 38 FIR दर्ज
भोपाल । धान उपार्जन घोटाले में ईओडब्ल्यू ने सिवनी की शकुंतला देवी राइस मिल के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। अब तक आठ जिलों की 38 समितियों पर 145 व्यक्तियों के खिलाफ 38 एफआईआर दर्ज हुई है। प्रदेश भर में धान उपार्जन में 50 हजार क्विंटल की हेराफेरी उजागर हुई है। मध्य प्रदेश में धान उपार्जन घोटाले को लेकर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल ही में सिवनी जिले की शकुंतला देवी राइस मिल के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जांच में पाया गया कि इस मिल में 3184 क्विंटल धान/चावल की गड़बड़ी हुई और 2297 क्विंटल चावल विभिन्न राज्यों (हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा) से लाया गया था। इस मामले में राइस मिल के मालिक दीपक अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 (5) के तहत केस दर्ज किया गया है।प्रदेश के बालाघाट, सतना, सीधी, मैहर, डिंडोरी, सागर, पन्ना और सिवनी जिलों में धान उपार्जन में 50,000 क्विंटल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। EOW की जांच में 8 जिलों की 38 समितियों के 145 व्यक्तियों पर 38 FIR दर्ज की गई हैं।
प्रदेश स्तर पर जांच जारी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बता दें, धान उपार्जन घोटाले की ईओडब्ल्यू ने गहराई से जांच शुरू कर दी है। धान उपार्जन और मिलिंग में हुई अनियमितताओं को लेकर प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। इससे पहले भी राज्य में कई धान उपार्जन घोटाले सामने आ चुके हैं, जिनमें विभिन्न सहकारी समितियों और व्यापारियों की संलिप्तता पाई गई थी। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों का कहना है कि यह जांच प्रदेशव्यापी स्तर पर जारी रहेगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।