इंदौर में 120 किमी की रफ्तार से आई आंधी

-
3 घंटे तक हुई बारिश, जगह-जगह जलभराव
-
आधे शहर की बिजली गुल
इंदौर। शहर में रविवार को 120 किमी प्रति घंटे रफ्तार से आंधी आई। 20-20 सेकंड के तूफान और 3 घंटे की बारिश ने तबाही मचा दी। शहर के ज्यादातर इलाकों में अंधेरा छा गया। करीब 150 कॉलोनियों में पानी भर गया। आधे शहर की बिजली गुल हो गई। 100 से ज्यादा कॉलोनियों में तेज बारिश के कारण सड़कें तालाब बन गईं। देर रात तक अलग-अलग हिस्सों में रिमझिम और बूंदाबादी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन शहर में तेज आंधी और बारिश हो सकती है।
24 घंटों में 4 डिग्री गिरा टेम्प्रेचर रविवार को बीते 24 घंटों में दिन का तापमान 4 डिग्री गिर गया। इंदौर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। शनिवार को दिन का तापमान 40.8 (0) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
3 घंटे में 2.7 इंच बारिश, 20 हजार से ज्यादा बिजली गुल की शिकायतें
- 150 से ज्यादा पेड़ उखड़े, कई वाहन क्षतिग्रस्त।
- 100 से ज्यादा कॉलोनियों में ढाई-तीन फीट तक पानी भर गया।
- 2.7 इंच बारिश 3 घंटे में, 10 साल में इतनी तेज बरसात नहीं हुई।
- 400 फॉल्ट बिजली के, पूरे शहर की बिजली ठप।
- 20,000 से ज्यादा शिकायतें आईं बिजली और पानी को लेकर।
- 07 जगहों पर दीवारें गिरीं, जनहानि नहीं।
तीन कारणों से ये हालात बने
- प्री-मानसूनी सिस्टम एक्टिव हुआ।
- अरब सागर से नमी मिलने लगी।
- लोकल सिस्टम से तेज आंधी बनी।
इन इलाकों में बिजली गुल
बारिश के दौरान रावजी बाजार, आलापुर क्षेत्र, पलसीकर, खंडवा रोड, मुराई मोहल्ला, नयता मुंडला, पालदा, नानक नगर, पिपलिया राव, रालामंडल, छावनी, कलानी नगर, विदुर नगर, प्रभु नगर, कनाड़िया, खजराना समेत अन्य क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।
80 फीडर पर बाधित हुई बिजली बिजली कंपनी के मुताबिक- 11 केवी के 540 फीडरों में से 80 फीडरों पर आपूर्ति बाधित हुई। 33/11 केवी के 20 ग्रिड से सुरक्षा कारणों से एक घंटे बिजली आपूर्ति बंद रखी गई थी। सुरक्षा कारणों से भी कुछ अन्य फीडर पर 40/50 मिनट बिजली बंद रखी गई। एक घंटे में प्रभावित 80 फीडर में से 50 फीडर सामान्य हो गए थे। 2 घंटे में अन्य 15 फीडर से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल हो गई। शेष 15 फीडर या इलाकों में होर्डिंग, पेड़ या शाखाएं गिरने से अवरोध हुआ है। लाइनों, ट्रांसफॉर्मर के पास आए 50 पेड़ों/ होर्डिंग को हटाया है।
इन इलाकों में जलभराव की समस्या
बारिश के दौरान मराठी मोहल्ला, जून रिसाला, सदर बाजार, बगीचे के पास वाली पुलिया, बड़वाली चौकी, मोती तबेला, हरसिद्धि चंदन नगर. चंद्रभागा, जबरन कॉलोनी समेत कई इलाकों में जल भराव की समस्या हुई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान कहां-क्या हुआ
- मारी माता, टाटा स्टील, चंदन नगर और कालानी नगर क्षेत्रों में जाम जैसी स्थिति रही।
- एयरपोर्ट गेट के भीतर दो पेड़ गिर गए। गोमटगिरी रोड पर भी होर्डिंग्स गिर गया।
- खड़े गणपति क्षेत्र एवं गर्वमेंट गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पास पेड़ गिर गए थे।
- पटेल ब्रिज पर एक इलेक्ट्रिक पोल गिर गया था।
- सयाजी, विजयनगर, रसोमा और पिपलियाना चौराहों पर जलभराव की स्थिति बनी।
- रंजीत हनुमान रोड, गंगवाल बस स्टैंड और जयरामपुर चौराहा पर पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं।
- गंगवाल बस स्टैंड क्षेत्र में एक बस के खराब हो जाने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी है।
इसके पूर्व शनिवार को गर्मी का असर कम रहा। पिछले 48 घंटों में दिन और रात का तापमान 2 डिग्री गिरा है। शनिवार को दिन का तापमान 40.8 (0) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खास बात यह कि एक हफ्ते बाद ऐसी स्थिति बनी है जब दिन का तापमान सामान्य पर आया है। रात का तापमान 24.5 (+1) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम दरअसल, इस बार मई के पहले दिन तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था जिसने लोगों को हलाकान कर दिया था। अब दो दिनों से तापमान में गिरावट से राहत है। रात को भी गर्मी कम होने से बेचैनी नहीं है। रविवार सुबह से मौसम बदलने के बाद फिलहाल राहत है।