बजट सत्र का चौथा दिन, पीएम आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देंगे

- सोनिया गांधी-पप्पू यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव आ सकता है
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। सदन में कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी और लोकसभा के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव आ सकता है। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामे के आसार हैं। दरअसल, भाजपा सांसदों ने 3 फरवरी को सोनिया गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। दोनों ने बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर कमेंट किया था। भाजपा ने इसे अपमानजनक बताया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंगलवार शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपनी स्पीच देंगे। संसद का बजट सत्र शुक्रवार (31 जनवरी) से शुरू हुआ है। पहला सत्र 31 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा सत्र 10 मार्च से 14 अप्रैल तक होगा। इस सत्र में 16 बिल आ सकते हैं। जिसमें से 12 बिल 2024 के मानसून और विंटर सेशन में लाए गए थे।