• आज और गिरेगा तापमान, तीन दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

भोपाल। प्रदेश के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। बर्फीली हवाओं से प्रदेश में 7 डिग्री तक तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से और ठंड बढ़ेगी। तीन दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने के मिल रहा है जहां तापमान 30 डिग्री पार पहुंच गया था वहीं एक दिन में ही 6 से 7 डिग्री तक लुढ़क गया। दअरसल उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से प्रदेश में फिर से ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को भोपाल में दिन का तापमान 6.8 डिग्री लुढ़ककर 22.6 डिग्री पर आ पहुंचा। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भी गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिन प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट होगी। शुक्रवार को प्रदेश में हवा की औसत रफ्तार 12 से 14 किमी प्रतिघंटा रही। वहीं, उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम हवा 12.6 किमी की ऊंचाई पर 232 किमी प्रतिघंटा तक चली। जिससे ठिठुरन बढ़ गई और पारे में गिरावट हुई।
प्रदेश के सभी शहरों में पारा लुढ़का
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सभी शहरों में पारा लुढ़का है। गुना में 25 डिग्री, पचमढ़ी में 26.6 डिग्री, रायसेन में 23.6 डिग्री, दमोह में 25.5 डिग्री, खजुराहो में 25.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 24.2 डिग्री, रीवा में 23.8 डिग्री, सागर में 24.9 डिग्री, सतना में 24.7 डिग्री, सीधी में 24.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 24 डिग्री, उमरिया में 25.5 डिग्री रहा।
अगले तीन दिन में फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन तक ठंड का असर रहेगा। इसके बाद थोड़ी राहत मिलेगी। 29 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इससे पारे में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, सिस्टम गुजरने के बाद फिर से ठंड बढ़ जाएगी। इससे पहले दक्षिण-पूर्वी हवाओं ने प्रदेश से ठंड जैसे गायब कर दी थी। पिछले 6 दिन से दिन-रात के तापमान में खासी बढ़ोतरी देखने को मिली।