लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ महाकुंभ में करोड़ों लोग स्नान कर रहे हैं दूसरी तरफ सपा के लोग दुष्प्रचार कर आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के मिल्कीपुर के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। सीएम योगी जैसे ही मंच पर पहुंचे जय श्रीराम के नारे लगे। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण का प्रारंभ महाकुंभ का जिक्र कर किया। कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि यह महाकुंभ 144 साल बाद हो रहा है। दो दिन पहले यूपी सरकार की पूरी कैबिनेट और मैंने खुद महाकुंभ में स्नान का सौभाग्य प्राप्त किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बीते 10 दिन में महाकुंभ में 10 करोड़ लोगों ने बिना किसी भेदभाव के स्नान किया। देश में जातिवाद को परिवारवादियों ने सत्ता बचाये रखने के लिए बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक तरफ महाकुंभ में करोड़ों लोग स्नान कर रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ सपा के लोग महाकुंभ के बारे में दुष्प्रचार कर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन लोगों ने एक साल पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भी विरोध किया था। ये वही सपा के लोग हैं जिन्होंने सरयू के जल को रामभक्तों के खून से लाल कर दिया था। ये परिवारवादी लोग जातिवाद के नाम पर समाज को तोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं विकासवाद और राष्ट्रवाद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पहले जनसभा स्थल पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, चिकित्सा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा, खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह मंच पर मौजूद हैं।