• तीन लोगों ने पहले पीटा, फिर पेट में घोंपा चाकू
  • परिजन ने थाने पर किया प्रदर्शन

भोपाल। भोपाल में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजन ने चार लोगों पर आरोप लगाया है। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजन और स्थानीय निवासियों ने थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ही प्रदर्शन खत्म किया जा सका। मामला भोपाल के गांधी नगर इलाके में सोमवार रात 10:30 बजे का है। प्रारंभिक जांच में लड़की को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
भाई के साथ नमाज पढ़ने गया था
गांधी नगर निवासी महबूब खान ने कहा- अदनान खान (22) मेरा मौसेरा भाई था। वह टू व्हीलर मैकेनिक था। हम दोनों मोहल्ले की मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। अदनान नमाज के बाद बाहर निकला। मैं तरावीह पढ़ने लगा था। कुछ देर बाद अदनान के पिता के चीखने की आवाज आने लगी। मैं और अन्य लोग बाहर पहुंचे। वहां अदनान खून से लथपथ हालत में दिखा। उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहले पीटा, फिर पेट में घोंप दिया चाकू
महबूब ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले राज सोलंकी, लक्की सोलंकी और शुभम सोलंकी ने अदनान को मस्जिद के पास गली में घेर लिया। पहले उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, इसके बाद राज ने पेट में चाकू घोंप दिया।
अदनान परिवार का दूसरे नंबर का बेटा था। उसका बड़ा भाई फैजान जबकि छोटा सुबहान है। एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच लड़की को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं, सूत्रों की मानें तो पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।