आलीराजपुर (उदयगढ़)। 
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने बेबाक और मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं। ऐसा ही एक नजारा आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में आयोजित 'भगोरिया हाट' कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने भरे मंच पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को भाषण देने से रोक दिया और दो टूक कहा कि आज जनता भाषण सुनने के मूड में नहीं है।
क्या था पूरा मामला?
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भगोरिया उत्सव की खुशियों में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाषणों का दौर चल रहा था। जब क्षेत्रीय प्रभावशाली नेता और मंत्री नागर सिंह चौहान माइक पर आए, तो वे पूरे जोश में लंबा संबोधन देने लगे। मुख्यमंत्री को अगले कार्यक्रमों के लिए जल्दी निकलना था, इसलिए उन्होंने पहले इशारों में मंत्री जी को अपनी बात संक्षेप में खत्म करने का संकेत दिया।
जब CM खुद उठकर डायस पर पहुंचे
इशारों का असर न होते देख मुख्यमंत्री खुद अपनी कुर्सी से उठे और मुस्कुराते हुए सीधे डायस (माइक) पर पहुंच गए। उन्होंने नागर सिंह चौहान के हाथ से माइक संभाला और मजाकिया लहजे में चुटकी लेते हुए कहा:  "भगोरिया की धूम में कौन भाषण सुनता है? जबरदस्ती भाषण ठोके जा रहे हैं। इतना आनंद का माहौल है, जोरदार तालियां बजाइए। आज कोई भाषणबाजी नहीं चलेगी!"
मंच पर ठहाके, पंडाल में तालियां
मुख्यमंत्री के इस अंदाज़ को देखकर मंच पर मौजूद अन्य नेता अपनी हंसी नहीं रोक पाए, वहीं सामने मौजूद जनता ने तालियों और सीटी बजाकर सीएम की बात का समर्थन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद मांदल (ढोल) की थाप पर थिरक कर आदिवासियों के साथ भगोरिया का आनंद लिया।