स्पेस स्टेशन से पृथ्वी के लिए आज रवाना होंगे शुभांशु

-
23 घंटे के सफर के बाद पहुंचेंगे
-
41 साल बाद कोई भारतीय अंतरिक्ष में गया
फ्लोरिडा। 26 जून को शाम करीब 6 बजे स्पेस स्टेशन का हैच खुला था। एंट्री के बाद सभी एस्ट्रोनॉट ISS क्रू मेंबर्स से गले मिले। शुभांशु शुक्ला सहित चार एस्ट्रोनॉट आज यानी 14 जुलाई को शाम 4:35 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से पृथ्वी के लिए रवाना होंगे। करीब 23 घंटे के सफर के बाद उनका स्पेसक्राफ्ट अगले दिन (15 जुलाई) दोपहर करीब 3 बजे समुद्र में लैंड करेगा। इसे स्प्लैशडाउन कहते हैं। ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट 580 पाउंड यानी, करीब 263 किलो से ज्यादा कार्गो के साथ वापस आएगा, जिसमें नासा का हार्डवेयर और 60 से ज्यादा प्रयोगों का डेटा शामिल होगा। यह कार्गो अंतरिक्ष अनुसंधान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। चारों एस्ट्रोनॉट 26 जून को शाम 4:01 बजे ISS पहुंचे थे। एक्सियम मिशन 4 के तहत 25 जून को दोपहर करीब 12 बजे एस्ट्रोनॉट रवाना हुए थे। स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से जुड़े ड्रैगन कैप्सूल में इन्होंने कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी। ये मिशन तकनीकी खराबी और मौसमी दिक्कतों के कारण 6 बार टाला गया था।
स्पेस स्टेशन पहुंचने के बाद शुभांशु शुक्ला को 634 नंबर का बैज दिया गया था।
दोपहर 02:25 बजे क्रू स्पेसक्राफ्ट में जाएगा
- 14 जुलाई को दोपहर 02:25 बजे क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में एंटर करेगा और हैच बंद होगा।
- शाम 4:35 बजे स्पेसक्राफ्ट ISS के हार्मनी मॉड्यूल से अनडॉक करेगा।
- 15 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे कैलिफोर्निया के तट पर स्प्लैशडाउन होगा।