गुना मंडी कांड: अपनी ही सरकार के खिलाफ उतरे भाजपा विधायक, मुख्यमंत्री को पत्र लिख दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
गुना।
कृषि उपज मंडी में सोमवार को प्रदर्शन कर रहे किसानों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे अन्नदाताओं के साथ हुई धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना पर क्षेत्रीय विधायक पन्नालाल शाक्य ने कड़ा ऐतराज जताया है। विधायक शाक्य ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और कलेक्टर को पत्र लिखकर दोषी पुलिसकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
अन्नदाता के साथ ऐसा व्यवहार शर्मनाक
विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सोमवार को मंडी में अपनी उपज बेचने आए किसान भाइयों के साथ प्रशासन और पुलिस का रवैया बेहद दुखद और शर्मनाक रहा। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री निरंतर किसानों के हित में निर्णय ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन द्वारा किसानों के साथ मारपीट करना चिंता का विषय है। विधायक ने मांग की है कि प्रदर्शन के दौरान जिन कर्मचारियों ने किसानों के साथ हाथ उठाया या अभद्रता की, उन्हें तत्काल चिह्नित कर दंडित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए मंडी में पानी और ठहरने के उचित इंतजाम करने के निर्देश भी दिए हैं।
क्या था पूरा मामला
तीन दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार को जब मंडी खुली, तो लगभग 6000 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवक से पूरी व्यवस्था चरमरा गई। शनिवार को जो गेहूं 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका था, सोमवार को उसकी बोली व्यापारियों ने अचानक गिराकर 2200 से 2600 रुपये कर दी। इसी सिंडिकेट और कम दामों से नाराज होकर किसानों ने नानाखेड़ी मंडी गेट और एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान जाम खुलवाने पहुंची पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिसकर्मियों ने हाईवे खाली कराने के लिए किसानों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा और थप्पड़ भी मारे। कई किसानों के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे अन्नदाताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया।
सुविधाओं के नाम पर सिर्फ आश्वासन
मंडी परिसर, दशहरा मैदान और बीज निगम की जमीन पर खड़ी हजारों ट्रॉलियों के बीच किसान मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते नजर आए। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए न तो टेंट की व्यवस्था थी और न ही पीने के लिए ठंडे पानी का इंतजाम। किसानों का कहना है कि प्रशासन ने सिर्फ कागजों पर व्यवस्थाएं कीं, जबकि हकीकत में वे रातभर मच्छरों और दिन में धूप से जूझते रहे।

ममता बनर्जी ने भवानीपुर से भरा नामांकन, देश के चार राज्यों में कल मतदान
10 अप्रैल को नीतीश कुमार लेंगे राज्यसभा की शपथ, बिहार में नई सरकार गठन की कवायद तेज
तमिलनाडु चुनाव: मोदी की हुंकार, राहुल गांधी की दूरी, DMK-कांग्रेस गठबंधन में सवाल उठे
बांग्लादेश क्रिकेट में चुनावी धांधली का बड़ा खुलासा