जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप: सीधी में महिला कांग्रेस नेता ने सरकारी कार्यक्रम को बताया 'भाजपा का मंच'
सीधी।
सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मान नहीं मिलने से महिला कांग्रेस नेत्री प्रशासन से रूठ गईं। जनपद अध्यक्ष उर्मिला साकेत ने कार्यक्रम को भाजपाई रंग देने और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) राजीव तिवारी को भाजपा का पटका पहनाकर विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष उर्मिला साकेत ने आरोप लगाया कि यह शासकीय कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के मंच में बदल दिया गया था। उन्होंने कहा कि मंच पर भाजपा नेताओं को प्रमुखता से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया, जबकि जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा और अन्य जनपद सदस्यों को उचित सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की खुली उपेक्षा करार दिया। घटना शुक्रवार को दोपहर 3 बजे जनपद सभागार में आयोजित सामान्य सभा की बैठक के दौरान हुई। अध्यक्ष उर्मिला साकेत ने विरोध स्वरूप जनपद पंचायत के सीईओ राजीव तिवारी को भाजपा का पट्टा पहनाया।
कांग्रेसी हूं, इसलिए हो रही उपेक्षा
जनपद अध्यक्ष उर्मिला साकेत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े होने के कारण उनकी लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि जनपद से संबंधित किसी भी शासकीय कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष को आमंत्रित करना अनिवार्य है, लेकिन उनकी बार-बार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए चेतावनी दी कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनपद पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सामूहिक विवाह में कार्यक्रम था। हमें बुलाते हैं, तो वहां हमारा सम्मान नहीं करते हैं। जहां भी ऐसा कोई कार्यक्रम होता है, वहां सम्मान नहीं करते। इसे लेकर सदस्यों ने भी कहा है। जनप्रतिनिधि होने के नाते ऐसा करना चाहिए। जनपद सदस्य कहते हैं कि यह सीएमओ की अनुमति से है। सीएमओ से कहते हैं, तो वो सुनते ही नहीं हैं। वह मनमानी से काम करते हैं। सीएमओ के लिए जनपद सदस्य और अध्यक्ष का कोई मतलब नहीं है, इसलिए उसका बहिष्कार किया।
उपाध्यक्ष बोले- सत्ताधारियों के इशारे पर चलते हैं अफसर
वहीं, चुरहट विधायक प्रतिनिधि ज्ञान अग्निहोत्री का कहना है कि जन प्रतिनिधियों का लगातार निरादर हो रहा है। यह गलत है। कार्यालय के अधिकारी–कर्मचारी ऐसा करते हैं। सामूहिक विवाह में निरादर हुआ, जनपद सदस्यों को सूचना तक नहीं दी गई। प्रतिनिधियों का सम्मान होता है, ऐसा नहीं होगा, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। अफसर नहीं सुनेंगे, तो जनपद कार्यालय का घेराव करेंगे। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ऋषिराज मिश्रा का कहना है कि जो भी कार्यक्रम होता है, उसमें नियमानुसार बुलाया चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं होता। सिर्फ सत्ताधारियों के इशारे से अफसर चलते हैं। अध्यक्ष का सम्मान नहीं करने के कारण कार्यक्रम का बहिष्कार किया है। सीईओ को भाजपा का पट्टा पहनाया गया। इस संबंध में जब जनपद पंचायत के सीईओ राजीव तिवारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Mohan Yadav ने Amit Shah से की मुलाकात, निगम-मंडल नियुक्तियों पर चर्चा
Indian National Congress नेत्री उर्मिला साकेत की नाराजगी, अधिकारी को पहनाया भाजपा का पट्टा
रायपुर में साइबर फ्रॉड का नया तरीका, डेबिट कार्ड-आधार दिखवाकर ठगी
होली से पहले खाद्य विभाग सख्त, मिष्ठान भंडार और रेस्टोरेंट पर छापेमारी