महू में कांग्रेस की रैली में प्रियंका का आना टला
- अब सिर्फ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे आएंगे
महू। भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में सोमवार को कांग्रेस की जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा होने जा रही है। इसमें शामिल होने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी पहुंचेंगे। पहले प्रियंका वाड्रा भी इसमें शामिल होने वाली थीं, लेकिन उनका आना टल गया। कार्यक्रम वेटरनरी महाविद्यालय के पास स्थित मैदान में होगा। रैली की अनुमति प्रशासन ने राजनीतिक व धर्मविरोधी भाषण प्रतिबंधित रखने की शर्त पर जारी की है। इस शर्त को देखते ही कांग्रेस के नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद भी प्रशासन ने जो संशोधित अनुमति पत्र जारी किया है, उसमें सभा में धर्मविरोधी भाषण नहीं देने की शर्त लगाई गई।
राजनीतिक भाषण पर प्रतिबंध नहीं
राजनीतिक भाषण पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। बता दें कि कांग्रेस की इस जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा में पार्टी के प्रमुख नेता राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे भाषण देंगे। आयोजन के लिए इंदौर ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव ने प्रशासन से अनुमति मांगी थी। इसमें रैली में कोई भी राजनीतिक व धर्मविरोधी भाषण प्रतिबंधित रखने की शर्त लगाई गई।