नाइजीरिया को मिला बीआरआईसीएस पार्टनर देश का दर्जा, ब्राजील ने किया ऐलान
- अब तक 9 देश बन चुके हैं ऑफिशियल बीआरआईसीएस पार्टनर
ब्राजिलिया। अफ्रीका महाद्वीप का देश नाइजीरिया शुक्रवार को औपचारिक रूप से बीआरआईसीएस का पार्टनर सदस्य बन गया है। रूस की न्यूज एजेंसी आरटी के मुताबिक ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा और उज्बेकिस्तान के साथ नाइजीरिया 9वां ऑफिशियल बीआरआईसीएस पार्टनर बन गया है।
ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने कहा-
ब्राजील सरकार बीआरआईसीएस की अपनी अस्थायी अध्यक्षता का इस्तेमाल करते हुए आज 17 जनवरी, 2025 को बीआरआईसीएस में पार्टनर देश के तौर पर नाइजीरिया के ऑफिशियल एंट्री की घोषणा करती है। ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने कहा दुनिया की छठी बड़ी आबादी और अफ्रीकी महाद्वीप की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था (3.29 लाख करोड़ रुपए) होने के नाते नाइजीरिया के हित अन्य बीआरआईसीएस देशों से मेल खाते हैं। नाइजीरिया ने बीआरआईसीएस देशों के साथ मिलकर ग्लोबल साउथ को मजबूत करने और ग्लोबल ऑर्डर में सुधार लाने के लिए प्रयास किए हैं। पिछले साल रूस के कजान शहर में आयोजित बीआरआईसीएस समिट में 13 देशों को पार्टनर देश का दर्जा दिया गया था। इनमें से अब तक 9 देश औपचारिक तौर पर इसके पार्टनर देश बन गए हैं।
तेल और गैस के भंडार, आपसी संघर्ष से अशांति
नाइजीरिया अफ्रीका का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। नाइजीरिया की आबादी 22 करोड़ है। यह देश सबसे तेजी से आबादी बढ़ने वाले देशों में शामिल है। नाइजीरिया में तेल और गैस के विशाल भंडार हैं, लेकिन आपसी संघर्ष की वजह से यहां लगातार राजनीतिक उथल पुथल मची रहती है। बीबीसी के मुताबिक नाइजीरिया दो भागों में बंटा हुआ है। उत्तरी हिस्सा जहां मुसलमान बहुसंख्यक हैं वहां गरीबी ज्यादा है। दक्षिणी और पूर्वी नाइजीरिया में ईसाई आबादी ज्यादा है। ये इलाका ज्यादा संपन्न है।

43 वें उप पुलिस अधीक्षक बैच का दीक्षांत समारोह
पुणे में 9 नामचीन गुंडों को तड़ीपार किया गया
मैंने कभी यह नहीं कहा कि मैं बीमार हूं, स्वास्थ्य को लेकर कभी लापरवाही नहीं बरती
ओडिशा राज्यसभा चुनाव में सियासी चाल तेज, बीजद ने छह नामांकन फॉर्म लेकर बढ़ाई हलचल
सीहोर में सजेगा साहित्य का महाकुंभ, शनिवार से शुरू होगा शिवना साहित्य समागम 2026