निगम-प्रशासन पर साठगांठ कर बिना सूचना के हटाने का आरोप 
इंदौर। इंदौर में संत रविदास और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं हटाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने विरोध जताया है। उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन पर साठगांठ करके प्रतिमाएं हटाने का आरोप लगाया। दिग्विजयसिंह ने कहा कि इसका अनावरण भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया ने किया था पर प्रतिमाएं हटाने पर हार्डिया सहित किसी भी भाजपा नेता ने विरोध नहीं जताया। प्रशासन और निगम ने बिना नोटिस के ही दोनों की प्रतिमाएं इंदौर के विधानसभा-5 स्थित आरई-2 से हटाया है। हालांकि विधायक हार्डिया ने कहा कि उन्होंने इस प्रतिमा का अनावरण नहीं किया। वे एक बार किसी परिचय सम्मेलन में गए थे तब प्रतिमाओं पर पुष्प माला चढ़ाकर प्रणाम किया था। हार्डिया ने आगे कहा कि वहां से प्रतिमाएं कब हटाई गईं, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। अभी मैं शहर से बाहर हूं, इंदौर पहुंचने पर पूरा मामला समझूंगा। दिग्विजयसिंह ने आरोप लगाया कि दोनों की प्रतिमाओं को जीप में पैरों के नीचे रखकर ले जाया गया। दोनों की प्रतिमाओं को फिर से स्थापित किया जाए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की मांग की है।