धार के कुक्षी में भारी बवाल: 9 थानों की पुलिस पर ग्रामीणों का पथराव, सरकारी गाड़ियाँ पलटीं
चूना पत्थर सैंपलिंग का विरोध, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प; क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति
धार/कुक्षी, सबकी खबर।
मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खेलड़ी में एक सीमेंट फैक्ट्री के लिए चूना पत्थर (लाइम स्टोन) की सैंपलिंग करने पहुंची टीम और पुलिस बल पर ग्रामीणों ने जोरदार हमला बोल दिया। विवाद इतना बढ़ा कि ग्रामीणों ने नौ थानों से बुलाई गई पुलिस फोर्स को खदेड़-खदेड़ कर पीटा और पथराव किया। उग्र भीड़ ने प्रशासन और पुलिस की गाड़ियों को पलट दिया और तोड़फोड़ की।
विवाद की जड़: सैंपलिंग और अविश्वास
जानकारी के अनुसार, एक निजी सीमेंट कंपनी की टीम भारी पुलिस बंदोबस्त के साथ खेलड़ी पंचायत में सैंपलिंग के लिए पहुंची थी। ग्रामीण लंबे समय से इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना उनकी सहमति और उचित मुआवजे के सर्वे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जैसे ही टीम ने काम शुरू किया, आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया।
रणक्षेत्र बना खेलड़ी गांव
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रमोद गुर्जर और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता गया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। स्थिति इतनी बेकाबू हुई कि पुलिस को पीछे हटना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्रामीण पुलिसकर्मियों को दौड़ते और गाड़ियों को पलटते हुए साफ देखे जा सकते हैं। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और कोई जनहानि नहीं हुई है।
प्रदेश में बढ़ते जन-आक्रोश पर उठे सवाल
वरिष्ठ पत्रकारों और विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना केवल एक फैक्ट्री का विरोध नहीं है, बल्कि पिछले कुछ महीनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों (हरदा, आष्टा, शाजापुर, छतरपुर) में हो रहे आंदोलनों की कड़ी है। जनप्रतिनिधियों का जनता से कट जाना और प्रशासनिक अमले की संवेदनहीनता इस तरह के हिंसक विरोध का मुख्य कारण मानी जा रही है।
प्रशासन का पक्ष
"कंपनी द्वारा नियमानुसार सैंपलिंग का कार्य किया जा रहा था। ग्रामीणों की कुछ आपत्तियां थीं, जिन्हें लिखित में देने को कहा गया है। मौके पर अब शांति है और कानून-व्यवस्था बहाल कर दी गई है।"
- प्रमोद गुर्जर, एसडीएम कुक्षी

पत्नी के जाने से आहत युवक ने उठाया खौफनाक कदम, सुसाइड वीडियो से सनसनी
बलरामपुर में बुजुर्ग की मौत को लेकर चरणदास महंत ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को लिखा पत्र, SDM पर हत्या का आरोप
T20 World Cup 2026: शिवम दुबे ने नीदरलैंड के खिलाफ 66 रनों की तूफानी पारी खेली, धोनी की सीख बनी गेमचेंजर
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में ABVP का सद्बुद्धि महायज्ञ, छात्रों के हित में आंदोलन जारी