देवास। 
देवास में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उस समय किरकिरी हो गई जब महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा उनसे मिलने के लिए कार से बाहर नहीं उतरीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, अलका लांबा हाल ही में देवास पहुंचीं थीं। कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे मिलने और फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित होकर पहुंचे, लेकिन अलका लांबा कार से बाहर नहीं आईं। इतना ही नहीं, उन्होंने कार के शीशे भी ऊपर कर लिए। इससे कार्यकर्ता मायूस और नाराज़ नजर आए। बताया जा रहा है कि उस समय अलका लांबा किसी ऑनलाइन मीटिंग में जुड़ी हुई थीं, जिस कारण वे बाहर नहीं उतरीं। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं। कुछ यूज़र्स इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अपमान बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि कांग्रेस नेताओं का ऐसा ही रवैया पार्टी के गिरते जनाधार की वजह है। गौरतलब है कि हाल ही में रीना बोरासी को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जब रीना बोरासी भोपाल में पदभार ग्रहण करने पहुँचीं, तो अलका लांबा उनके साथ थीं। दोनों उज्जैन से रोड शो करते हुए देवास होते हुए भोपाल पहुँची थीं।