• मथुरा कान्हा की नगरी में होली का उल्लास छाया 

मथुरा। वृंदावन, बरसाना और दाऊजी में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। बरसाने की लट्ठमार और लड्डूमार होली के बीच अब यहां हर ओर गुलाल बरस रहा है। वहीं आज गोकुल में छड़ीमार होली का आयोजन होगा। 

गोदा हरिदेव मंदिर से निकली शोभायात्रा
वृंदावन के गोदा हरिदेव मंदिर की भव्य शोभायात्रा सोमवार को धूमधाम से निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्ति भाव से नाचते-गाते हुए यात्रा को भव्यता प्रदान की।

दूर-दराज से आते हैं श्रद्धालु
गोकुल की छड़ीमार होली खेलने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। इस उत्सव का आयोजन यहां सदियों से चला आ रहा है। प्राचीन परंपराओं का निर्वहन करते हुए आज भी हर साल यहां छड़ीमार होली का आयोजन किया है। छड़ीमार होली के दिन कान्हा की पालकी और पीछे सजी-धजी गोपियां हाथों में छड़ी लेकर चलती हैं।

सड़क से मंदिर तक कड़ा सुरक्षा घेरा
वृंदावन में धार्मिक आयोजन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सड़क से लेकर मंदिर तक पुलिस का कड़ा पहरा रहा। डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय और जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।