• छह सदस्यों का होगा चुनाव

वाराणसी। वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव के लिए बनाई गई मतदाता सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुल 112 सदस्य हैं। सूची में 100 पार्षदों के अलावा 2 सांसद, 5 विधानसभा सदस्य और 5 विधान परिषद सदस्य शामिल हैं। जो चुनाव की स्थिति में वोट डालने आ सकते हैं।  जानकारों के अनुसार कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में यदि मतदान की आवश्यकता पड़ी तो भाजपा पार्षदों के अलावा भाजपा के विधायक और विधान परिषद सदस्यों को वोट डालने के लिए बुलाया जाता है। इसी प्रकार सपा और कांग्रेस भी अपने-अपने जनप्रतिनिधियों को वोट डालने के लिए बुलाते हैं। इसके लिए संबंधित पार्टी की ओर से अपने अपने जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है। सूची में बतौर सांसद पीएम के अलावा चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह हैं। इनके अलावा विधानसभा सदस्यों में शिवपुर विधायक व कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, उत्तरी विधायक व राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल हैं।  इनके अलावा विधान परिषद सदस्यों में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह के अलावा सपा के स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा, स्थानीय प्राधिकारी की एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह शामिल हैं। 

टाउनहॉल में कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव आज 
नगर निगम कार्यकारिणी में कुल 12 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 9, सपा के 2 और कांग्रेस के 1 सदस्य हैं। इस बार भाजपा के 5 और कांग्रेस के 1 समेत छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनका चुनाव करने के लिए शुक्रवार को 12 बजे टाउनहॉल में बैठक बुलाई गई है। छह सदस्य का नामांकन होने पर निर्विरोध और सातवां नामांकन होने पर मतदान होगा।