• स्कूल में घुसा 10 फीट का मगरमच्छ,

  • गोदावरी गुफा में पानी भरा; 20 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश। बलरामपुर, ललितपुर, गोंडा, गोरखपुर, अयोध्या समेत करीब 10 जिलों रुक-रुककर बारिश हो रही है। लखनऊ-कानपुर में बादल छाए हैं। झांसी में लगातार हो रही बारिश के चलते बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे मोंठ के सोजना घाट पर बालू निकालने गए 5 लोग फंस गए। सभी नदी के किनारे से 150 मीटर दूर दो टापू पर फंसे थे। 5 घंटे बाद ट्यूब लेकर गोताखोरों को भेजा गया। तब सभी लोगों को निकाल लिया गया। उनका कहना है- रात को जब सोए तो नदी में पानी नहीं था। आज तड़के करीब 3 बजे अचानक जलस्तर बढ़ गया। इससे डर गए थे। ललितपुर में रविवार को 18 घंटे हुई बारिश के चलते कचनौंदा बांध फुल हो गया। बांध के 5 गेट खोले गए हैं। इससे नदियों में अचानक जल स्तर बढ़ गया। वहीं चित्रकूट में गुप्त गोदावरी की गुफा में पानी भरने से मुख्य गेट को बंद कर दिया गया। ललितपुर में रविवार सुबह 10 फीट का मगरमच्छ प्राइमरी स्कूल में घुस गया। मगरमच्छ को देखकर गांव में भगदड़ मच गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 5 घंटे बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में भारी तो 10 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मानसून पूरब से होते हुए पश्चिम यूपी तक पहुंच चुका है। आज पश्चिम के बचे हुए 10 जिलों को कवर कर लेगा।यूपी में 24 घंटे में 29% ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान प्रदेश में औसतन 3.9 MM बारिश का था, जबकि 5 MM बारिश हुई।