• प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया

भोपाल। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। अगले 3 दिन तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। कई क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। एक बार फिर गर्मी का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। प्रदेश में अगले 3 दिन तेज गर्मी का असर रहेगा। ग्वालियर, चंबल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हीट वेव यानी, लू भी चल सकती है। बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में गर्मी बढ़ेगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और सागर संभाग में पारा 41 डिग्री के पार रहेगा। मौसम विभाग ने 18 अप्रैल तक तेज गर्मी की संभावना जताई है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं है। पूर्वी हिस्से यानी, जबलपुर, रीवा-शहडोल संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। मध्य प्रदेश मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि प्रदेश में अभी तीन सिस्टम एक्टिव है। इनमें दो साइक्लोनिक सकुर्लेशन और तीसरा ट्रफ शामिल हैं। 16 अप्रैल से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) प्रभावित कर सकता है। ऐसा होता है तो प्रदेश में दो दिन बाद असर देखने को मिलेगा। जिससे पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। मंगलवार को तेज गर्मी का असर रहा। इस कारण कई शहरों में दिन का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।  रतलाम में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई।  यहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धार-नर्मदापुरम में 41.2 डिग्री, खंडवा में 41.1 डिग्री, शाजापुर-नरसिंहपुर में 40.6 डिग्री और खरगोन में तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में सबसे ज्यादा 40.8 डिग्री रहा। इंदौर में 40.1 डिग्री, भोपाल में 39.5 डिग्री, जबलपुर में 38.6 डिग्री और ग्वालियर में तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया।