एअर इंडिया की न्यूयॉर्क फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई लौटी
Updated on 10 Mar, 2025 01:47 PM IST BY SABKIKHABAR.COM
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-119 को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद फ्लाइट को मुंबई लौटना पड़ा। फ्लाइट में 19 क्रू मेंबर्स समेत 322 यात्री सवार थे। एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट के वॉशरूम में एक नोट मिला, जिसमें बम की धमकी दी गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए रास्ते से ही विमान को मुंबई के लिए डायवर्ट कर दिया गया।विमान 10:25 बजे मुंबई पहुंचा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। एयर इंडिया ने बताया कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। हम 11 मार्च को सुबह 5 बजे दोबारा उड़ान भरेंगे। यात्रियों को होटल आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की गई है।इससे पहले शिकागो से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक अन्य उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण शिकागो वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए समय पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।