चीनी एआई मॉडल की एंट्री से अमेरिकी मार्केट 3 प्रतिशत गिरा

टेक कंपनी एनवीडिया का शेयर 17 प्रतिशत टूटा
ट्रम्प ने चीन को सेमीकंडक्टर निर्यात रोका
नई दिल्ली। सोमवार की गिरावट से एनवीडिया का मार्केट कैप 593 अरब डॉलर घटकर 2.90 लाख करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। चीन का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल डीपसीक की एंट्री से सोमवार को अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के शेयर 17 प्रतिशत गिर गए। कंपनी का शेयर 24.2 डॉलर की गिरावट के साथ 118.42 डॉलर पर आ गया। एनवीडिया का मार्केट कैप भी 593 अरब डॉलर घटकर 2.90 लाख करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। यह टेक सेक्टर के उन 8 शेयरों में रहा, जिनमें सोमवार को डबल डिजिट गिरावट देखी गई। एनवीडिया के शेयर में गिरावट का असर अमेरिकन शेयर इंडेक्स नास्डैक पर भी दिखा। सोमवार को इसमें 3.07 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई और नास्डेक 612.47 अंक टूटकर 19,341.83 पर आ गया। दूसरे अमेरिकन इंडेक्स एसएण्डपी 500 के टेक सेक्टर में 5.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। सितंबर 2020 के बाद यह इंडेक्स में सबसे बड़ी गिरावट है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस घटनाक्रम के बाद अमेरिकी कंपनियों से सावधान रहने को कहा है। साथ ही चीन के एडवांस सेमीकंडक्टर तकनीक के निर्यात पर रोक लगाने की बात कही है।