• भोपाल के एमपी नगर में बन रहा ब्रिज
  • नीचे से भी गुजरेंगी गाड़ियां

भोपाल। भोपाल के एमपी नगर में डीबी सिटी मेट्रो स्टेशन से फुट ओवरब्रिज (एफओबी) जुड़ेगा। इसके बाद यात्री स्टेशन से उतरकर सीधे डीबी मॉल आ-जा सकेंगे। इस ब्रिज के स्ट्रक्चर को पिलर पर रख दिया गया है। सोमवार को दूसरे स्ट्रक्चर का काम भी शुरू हो गया। फरवरी में इसका काम पूरा हो जाएगा। फुटओवर ब्रिज से लोग मेट्रो स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे और सीधे डीबी मॉल में जा सकेंगे। इस स्ट्रक्चर के नीचे सड़क है। वहीं, ऊपर डॉ. भीमराव अंबेडकर ब्रिज (जीजी फ्लाईओवर) है। ऐसे में एफओबी के ऊपर और नीचे से गाड़ियां गुजर सकेंगी।
ऐसा बनाया गया है फुटओवर ब्रिज
जानकारी के अनुसार, डीबी सिटी स्टेशन का यह दूसरा एंट्री-एग्जिट पॉइंट होगा। जिसे स्टेशन की विपरीत दिशा में सड़क के दूसरी ओर (डीबी सिटी मॉल तरफ) बनाया जा रहा है। स्टेशन और एंट्री-एग्जिट बिल्डिंग को फुट ओवरब्रिज से जोड़ा जाएगा। मेट्रो स्टेशन जाने या इससे बाहर निकलने के लिए यात्रियों को इसी एफओबी से होकर गुजरना पड़ेगा।
20 मीटर लंबा एफओबी
एफओबी करीब 20 मीटर लंबा है, जो जीजी फ्लाईओवर से डेढ़ मीटर नीचे और सड़क से करीब 7 मीटर ऊपर बनाया गया है। बता दें कि मेट्रो स्टेशन की एंट्री-एग्जिट बनाने के लिए सुभाष नगर और रानी कमलापति स्टेशन पर भी इस तरह के एफओबी बनाए जा रहे हैं, लेकिन डीबी सिटी मॉल स्टेशन पर एक बड़ी तकनीकी परेशानी जीजी फ्लाईओवर भी थी।
मौके पर ही असेंबल हुआ ब्रिज
यह एफओबी मौके पर ही असेंबल किया गया। इसके बाद बड़ी क्रेन की मदद से इसे सीमेंट के स्ट्रक्चर पर रखा गया है।
जल्द आएगी आरडीएसओ की टीम
रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) रेलवे की एक संस्था है। इसका मुख्यालय लखनऊ (उप्र) में है। किसी भी शहर में मेट्रो चलाने से पहले कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी टीम निरीक्षण करती है। यह आरडीएसओ की रिपोर्ट देखती है। आरडीएसओ टीम जल्द ही भोपाल आ सकती है।