बड़ वाले महादेव मंदिर पहुंचें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

- भगवान भोलेनाथ का अभिषेक-पूजन किया, शोभायात्रा में भी शामिल होंगे
भोपाल। महाशिवरात्रि के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल स्थित बड़ वाले महादेव मंदिर पहुंचे हैं। यहां भगवान भोलेनाथ का अभिषेक-पूजन किया। बड़ वाले महादेव मंदिर से चल समारोह भी निकाला जाएगा। इसमें धार्मिक झांकियां शामिल होंगी। डमरू दल भी प्रस्तुति देगा। चौहान शोभायात्रा में भी शामिल होंगे। इसके अलावा, रायसेन जिले के भोजपुर मंदिर में भी सुबह से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यहां 7.5 फुट ऊंचे शिवलिंग को फूलों से सजाया गया है। यहां शिव मंदिर में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय महादेव महोत्सव का आयोजन किया जा रहा हैं। मध्यप्रदेश शासन और संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसमें श्रद्धालुओं का प्रवेश निशुल्क रहेगा।
भोजपुर में विशेष आयोजन, एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव में करीब एक लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। प्रशासन ने इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। आयोजन स्थल का निरीक्षण कर समीक्षा बैठक की गई है। पहले दिन शिव भाई गुप्ता लोकगान करेंगे, अभिलाष चौबे बधाई लोकनृत्य और हीरामणि वर्मा मटकी लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगे। प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा भक्ति वादन से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। 27 फरवरी को अंशुल प्रताप सिंह शिव तांडव की अद्भुत प्रस्तुति देंगे। इसके बाद अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें हरिओम पंवार, अनामिका अंबर, विष्णु सक्सेना, बलराम श्रीवास्तव, मेधा, अमन अक्षर और लक्ष्मण नेपाली अपनी कविताओं से समां बांधेंगे।
महोत्सव के अंतिम दिन 28 फरवरी को राजकुमार ठाकुर लोकगायन करेंगे, संजय महाजन गणगौर लोकनृत्य और अमित घारू बरेदी-नौरता लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अरुणीता कुंजीलाल और नचिकेत लेले का सुगम संगीत मुख्य आकर्षण रहेगा।
बैरागढ़ में शिव बारात और भंडारे का आयोजन
संत हिरदाराम नगर स्थित संकट मोचन खेड़ापति हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि का उत्सव 21 सालों से मनाया जा रहा है। इस साल 19 से 25 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन किया गया। जिसमें वृंदावन धाम के आचार्य राम मोहन तिवारी ने श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया। 26 फरवरी की सुबह शिव अभिषेक, हवन और पूजन होगा। दोपहर 1 बजे भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। बारात में उज्जैन की डमरू पार्टी, हाथी-घोड़े और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए शामिल होंगे।
विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां भी इस शोभायात्रा का हिस्सा होंगी। संत नगर की परिक्रमा के बाद मंदिर में बारात का समापन होगा और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
भोपाल में विभिन्न स्थानों पर भव्य आयोजन
भोपाल में सनातन धर्म सेवा समिति द्वारा 14 वर्षों से मनाए जा रहे महाशिवरात्रि पर्व के तहत इस बार भी उत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। न्यू सिंधी कॉलोनी स्थित कम्युनिटी हॉल में बाबा भोलेनाथ को हल्दी और मेहंदी लगाने का कार्यक्रम होगा, जिसमें भक्ति संगीत का आयोजन किया जाएगा।
26 फरवरी की सुबह 11 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहे पर विशाल भंडारा आयोजित होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। शाम 6 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहे से शिव बारात निकाली जाएगी, जो पुरानी सिंधी कॉलोनी और शांति नगर से होती हुई न्यू सिंधी कॉलोनी के कम्युनिटी हॉल में समाप्त होगी।