शहडोल। 
शहडोल जिले के धनपुरी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले काला झंडा दिखाने के मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए एक नाबालिग छात्र की 12वीं की परीक्षा छूट गई। 17 वर्षीय छात्र को 8 फरवरी को पुलिस ने आईपीसी की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर बुढ़ार उप जेल भेज दिया था। तीन दिन बाद मंगलवार सुबह करीब 7 बजे उसे रिहा किया गया, लेकिन वह समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सका। घटना के दौरान पुलिस ने 40 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की थी। इनमें से 37 को थाने से ही जमानत दे दी गई, जबकि आशू चौधरी, शेख साजिद और एक नाबालिग को जेल भेजा गया। परिजनों का कहना है कि सोमवार को उन्होंने तहसीलदार के सामने कई बार गुहार लगाई कि मंगलवार को छात्र की कक्षा 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा है, लेकिन जमानत नहीं दी गई। मंगलवार सुबह बिना परिजनों को सूचना दिए छात्र को जेल से छोड़ा गया। छात्र ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं थे। किसी तरह घर से प्रवेश पत्र लेकर करीब 9:30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचा, लेकिन 9:15 बजे ही गेट बंद हो चुका था। इस तरह छात्र की अंग्रेजी की परीक्षा छूट गई।