देवास में भाजपा नेता ने ड्यूटी पर जा रहे जज से की बदसलूकी, रास्ता रोककर दी धमकी, वीडियो वायरल
देवास।
देवास भोपाल रोड स्थित देवास ग्रीन्स कॉलोनी के रास्ते पर सुबह एक गंभीर घटनाक्रम सामने आया, जब ड्यूटी पर न्यायालय जा रहे न्यायाधीश के साथ भाजपा नेता और साथियों ने रास्ता रोककर कथित बदसलूकी, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज हुआ। घटना सुबह करीब 10.20 बजे भोपाल रोड स्थित धन लक्ष्मी मैरेज गार्डन के पास की बताई गई है। प्राथमिकी के अनुसार न्यायाधीश अपनी कार से न्यायालय की ओर जा रहे थे। आरोप है कि पंकज घारू और उसके 2-3 साथियों ने स्कॉर्पियो वाहन सड़क के बीच खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया, जिससे उनका वाहन निकल नहीं पाया। न्यायाधीश द्वारा ड्यूटी पर जाने की बात कहने और वाहन हटाने का आग्रह करने पर आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
जब न्यायाधीश ने कार्रवाई के उद्देश्य से मोबाइल से वाहन का फोटो लेने का प्रयास किया तो उन्हें ऐसा करने से रोका गया और मौके पर उग्र व्यवहार किया गया। इसके बाद जब वे वापस अपनी कार में बैठकर आगे बढ़ने लगे तो आरोपितों ने उनका घेराव कर दरवाजा खोलने से रोका और धमकी दी।
इसी बीच घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में एक व्यक्ति न्यायाधीश को कार में बैठने से रोकता हुआ दिखाई दे रहा है और कथित रूप से उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपितों ने स्वयं को एक संगठन से जुड़ा बताते हुए जान से खत्म करने तक की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख न्यायाधीश किसी तरह वहां से निकले और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (13 फ़रवरी 2026)
एमसीबी में बिजली उपभोक्ता करीब 3 गुना, सिंचाई पंप 9 गुना बढ़े
वन मंत्री केदार कश्यप की पत्रकार वार्ता : दिनांक 12 फरवरी 2026
मीना बनीं महिला सशक्तिकरण की मिसाल
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पत्रकार वार्ता
श्रम मंत्री देवांगन ने ली श्रम विभाग की मैराथन समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश