सतना। 
सतना जिले के जिगनहट क्षेत्र में बुधवार को प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अमृत 2.0 योजना के तहत एक महत्वपूर्ण जल प्रदाय परियोजना का शुभारंभ किया। यह परियोजना लगभग 4137 लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी। परियोजना के तहत फिल्टर प्लांट, एनीकट निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, विधायक विक्रम सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार और स्पीकर राजेश चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जल समस्या के समाधान की उम्मीद
जनप्रतिनिधियों ने इस योजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। उनका कहना है कि इससे लंबे समय से चली आ रही जल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सतना जिले की जल समस्या पर चर्चा करते हुए बताया कि बरगी टनल का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके पूरा होने के बाद जिले में वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री ने पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरती गई तो इंदौर जैसी स्थिति पैदा हो सकती है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
‘गांव बस्ती चलो अभियान’ की कार्यशाला में शामिल
सतना प्रवास के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने उमा रिसॉर्ट में आयोजित ‘गांव बस्ती चलो अभियान’ की कार्यशाला में भी भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जनसमस्याओं को समझने और शासन की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री ने देश में ईंधन संकट की आशंकाओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही रसोई गैस की आपूर्ति भी पूरी तरह सुचारु बताई।