नई दिल्‍ली।
कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पर 'प्‍याज जेब में रख लो' वाले बयान पर तंज कसा है. दिग्विजय सिंह का कहना है कि इस भयंकर गर्मी के बीच सभी बीजेपी नेताओं से उनकी एयर कंडीशन कार ले लेनी चाहिए और उनकी जेब में एक-एक प्‍याज रख देनी चाहिए. बता दें कि देश के कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. इस दौरान डॉक्‍टर सलाह दे रहे हैं कि जरूरत न हो, तो घर से बाहर न निकलें. ऐसे में ज्योतिरादित्य सिंधिया की सलाह पर दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए हैं.   
दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए एक्‍स पोस्‍ट में कहा, "महाराज की जय हो. बीजेपी के सभी नेताओं को महाराज से सीखना चाहिए. सभी भाजपा के नेताओं की Air Condition Car वापस ले लेना चाहिए और उन सभी को अपनी जेब में प्याज ले कर चलना चाहिए. ज्योतिरादित्य सिंधिया की जी जिनका जन्म इतने बड़े राज घराने में हुआ वे जिस सादगी का परिचय दे रहे हैं जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है. जय सिया राम."
महाराज की जय हो। @BJP4India के सभी नेताओं को महाराज से सीखना चाहिए। सभी भाजपा के नेताओं की Air Condition Car वापस ले लेना चाहिए और उन सभी को अपनी जेब में प्याज ले कर चलना चाहिए। @JM_Scindia जी जिनका जन्म इतने बड़े राज घराने में हुआ वे जिस सादगी का परिचय दे रहे हैं जितनी प्रशंसा…
 ज्योतिरादित्य सिंधिया का 'जेब में प्‍याज...' वाला बयान
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चिलचिलाती धूप और लू से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जेब में एक प्याज रखने का सदियों पुराना उपाय साझा किया. सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र गुना के पिछोरे-शिवपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में प्याज बहुत सहायक होती है. आज के आधुनिक युग में हर कोई अपने साथ फोन रखता है, लेकिन वह अपने पास एक प्याज रखते हैं. यह चिलचिलाती गर्मी में शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है.'