• उज्जैन सहित 17 नगरों में शराब बंदी पर हो सकता है फैसला

भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी की घोषणा की थी। आज महेश्वर में कैबिनेट की बैठक में इस पर फैसला लिया जा सकता है। ऐसे में उज्जैन सहित अमरकंटक, महेश्वर, ओरछा, ओंकारेश्वर, मंडला, मुलताई, दतिया, जबलपुर, चित्रकूट, मैहर, सलकनपुर, मंडलेश्वर, मंदसौर, बरमान और पन्ना में शराब बंदी हो सकती है। महेश्वर, खरगोन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सार्थक कर रहे हैं। पवित्र व पर्यटन नगरी महेश्वर में देवी अहिल्याबाई के 300वीं जयंती वर्ष को समर्पित डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक होने जा रही है। इसमें 17 नगरों में शराब बंदी को लेकर भी फैसला हो सकता है। देवी अहिल्या घाट पर पूजन-अभिषेक के बाद मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल के सहयोगी किले पर काले पाषाणों से उकेरी गई शिल्पकला को निहारेंगे। इसके बाद देवी अहिल्याबाई की राजगद्दी व देव पूजा के साथ स्वर्ण झूले के दर्शन करेंगे। नर्मदा रिट्रीट पर मंत्रिमंडल की बैठक होगी। 21 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती के नेतृत्व में महेश्वर में मप्र कैबिनेट की बैठक हुई थी।
मंडलेश्वर में होगी आमसभा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव महेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में महेश्वर के साथ प्रदेश के विकास के लिए कई नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे। इसके बाद मंडलेश्वर में आमसभा होगी।
कैबिनेट में शामिल होने वालों के लिए 17 प्रकार के मालवी व निमाड़ी व्यंजन हैं। मुख्यमंत्री मंडलेश्वर में 982 करोड़ 59 लाख की महेश्वर-जानापाव उद्वहन सिंचाई योजना का शिलान्यास भी करेंगे। इस योजना से तीन जिलों में पानी पहुंचेगा।
इन 17 शहरों में शराब बंदी पर निर्णय
प्रदेश में शराब बंदी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कैबिनेट बैठक में बड़ा ऐलान कर सकते हैं। यदि शराब पर प्रतिबंध लगाया गया तो उज्जैन सहित प्रदेश के 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू हो सकती है। इनमें अमरकंटक, महेश्वर, ओरछा, ओंकारेश्वर, मंडला, मुलताई, दतिया, जबलपुर, चित्रकूट, मैहर, सलकनपुर, मंडलेश्वर, मंदसौर, बरमान और पन्ना के नाम शामिल हो सकते हैं।