विवादित आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा को थाने में पेश होना होगा, देने होंगे हस्ताक्षर के नमूने
इंदौर।
विवादित आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा को एमजी रोड थाने पर पेश होना ही होगा। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्हें अपने हस्ताक्षर के नमूने भी देना होंगे। गुरुवार को सत्र न्यायालय ने यह आदेश जारी किया। अपर लोक अभियोजक योगेश जायसवाल ने बताया कि वर्मा के खिलाफ लसूड़िया पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में निलंबित अपर सत्र न्यायाधीश विजयेंद्र रावत की कोर्ट के दो फैसले सामने आए थे। इनमें से एक फैसले में वर्मा को दोषमुक्त किया गया था, वह वर्मा ने अपने प्रमोशन के लिए प्रस्तुत किया था। दूसरे फैसले में आपसी सहमति से मामले का राजीनामा होने की बात सामने आई थी। दो फैसले सामने आने के बाद निलंबित एडीजे रावत ने ही एमजी रोड पुलिस थाने पर इसकी शिकायत की थी। मामला सामने आने के बाद एडीजे को निलंबित कर दिया गया था।
मामले की जांच कर रही एमजी रोड पुलिस चूंकि पूरे केस की जांच कर रही है, उसे वर्मा के हस्ताक्षर के नमूने चाहिए थे, लेकिन वर्मा हस्ताक्षर के नमूने नहीं दे रहे थे। इस पर पुलिस की ओर से कोर्ट में एक आवेदन प्रस्तुत हुआ था। इसमें वर्मा द्वारा जांच में सहयोग नहीं करने के चलते उनकी जमानत निरस्त करने का अनुरोध किया गया था।
बेवजह फंसाने का दिया तर्क
सुनवाई के दौरान वर्मा के वकील ने आरोप लगाया कि उनके पक्षकार को बेवजह फंसाने के लिए यह किया जा रहा है। गिरफ्तारी के वक्त वर्मा के हस्ताक्षर लिए गए थे। इधर, शासन की ओर से कहा गया कि वे दस्तावेज फिलहाल हाई कोर्ट की जांच प्रक्रिया में हैं। उसमें समय लगेगा, इसलिए दोबारा हस्ताक्षर का नमूना मांगा गया था। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आदेश दिया कि वर्मा थाने में जाकर अपने हस्ताक्षर के नमूने दें। इसके बाद ही कोर्ट जमानत निरस्त करने को लेकर प्रस्तुत आवेदन पर फैसला करेगी। अगली सुनवाई चार मार्च को होगी।

मनसे नेता देशपांडे ने उद्धव गुट के पार्षदों पर लगाए गंभीर आरोप… बोले- एक-एक करोड़ में बिके
कचरा प्रबंधन नियमों में बार-बार बदलाव से जमीनी हकीकत में सुधार नहीं होगा: सुप्रीम कोर्ट
‘नेताओं के द्वारा बनाए गए धर्मगुरु सत्ता के गुरु’, शंकराचार्य सदानंद सरस्वती का गौ माता पर बड़ा बयान
आज से बदल गया PMO का पता, अब सेवा तीर्थ से चलेगी सरकार, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
Durg: सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते अपलोड किया वीडियो, पहुंच गए जेल, पुलिस ने लिया एक्शन
Kondagaon: कोकोड़ी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट के विरोध में 12 घंटे से प्रदर्शन जारी, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात