मन की बात में मोदी बोले-पहलगाम पीड़ितों को न्याय मिलेगा

-
हमले के बाद देश का खून खौल रहा
-
साजिश करने वालों को कठोर जवाब दिया जाएगा
नई दिल्ली । पीएम मोदी ने रेडियो शो 'मन की बात' के 121वें एपिसोड की शुरुआत पहलगाम में मारे गए लोगों को याद करते हुए की। उन्होंने कहा- इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है। पूरे विश्व ने संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले से देश के लोगों का खून खौल रहा है। पीड़ित परिजनों को न्याय जरूर मिलेगा।
मोदी ने कहा- कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेज अच्छे से चल रहे थे, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी, युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे, लेकिन जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को ये रास नहीं आया। पीएम ने पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा दिया। कहा- इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोर जवाब दिया जाएगा। इसके साथ ही मोदी ने भारत के ग्लोबल स्पेस पावर बनने की भी बात की। कहा- हमने एक साथ 104 सैटेलाइट्स का लॉन्च करके रिकॉर्ड बनाया है। हम चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचने वाले पहले देश बने हैं।
पूर्व ISRO चीफ डॉ. कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि दी- आज भारत जिन उपग्रहों का उपयोग करता है, उनमें से कई डॉ. कस्तूरीरंगन की देखरेख में लॉन्च की गई थीं। उनका व्यक्तित्व खास था और युवा पीढ़ी उनके कार्यों से बहुत कुछ सीख सकती है। उन्होंने हमेशा नवाचार को महत्व दिया। नया सीखने, जानने और कुछ नया करने का उनका दृष्टिकोण प्रेरणादायक था।
भारत के युवाओं ने दुनिया का नजरिया बदला- मोदी ने भारत के युवाओं की प्रतिभा की बात करते हुए कहा- भारत के युवाओं ने भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदल दिया है। भारत का युवा, साइंस और इनोवेशन की ओर बढ़ रहा है। ऐसे इलाके, जिनकी पहचान पहले पिछड़ेपन और दूसरे कारणों से होती थी, वहां भी युवाओं ने ऐसे उदाहरण प्रस्तुत किये हैं, जो हमें, नया विश्वास देते हैं।
स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए भी खोला- मोदी बोले भारत ने अपने स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए भी खोल दिया है। आज बहुत से युवा स्पेस स्टार्टअप में नए झंडे लहरा रहे हैं। 10 साल पहले इस क्षेत्र में सिर्फ एक कंपनी थी, लेकिन आज देश में, सवा तीन सौ से ज्यादा कंपनी काम कर रहे हैं।
म्यांमार के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया- पिछले महीने म्यांमार में आए भूकंप को लेकर कहा- भूकंप की खौफनाक तस्वीरें आपने जरूर देखी होंगी। भूकंप से वहां बहुत बड़ी तबाही आई, मलबे में फंसे लोगों के लिए एक-एक सांस, एक-एक पल कीमती था। इसलिए भारत ने म्यांमार के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया।
अफ्रीका के बीमार बच्चों का भारत में इलाज- मोदी ने कहा अफ्रीका के इथोपिया में प्रवासी भारतीयों के एक अभिनव प्रयास का पता चला है। वहां रहने वाले भारतीयों ने ऐसे बच्चों को इलाज के लिए भारत भेजने की पहल की है जो जन्म से ही हृदय की बीमारी से पीड़ित हैं। ऐसे बहुत से बच्चों की भारतीय परिवारों द्वारा आर्थिक मदद भी की जा रही है। अगर किसी बच्चे का परिवार पैसे की वजह से भारत आने में असमर्थ है, तो इसका भी इंतजाम, हमारे भारतीय भाई-बहन कर रहे हैं।
मोबाइल एप सचेत आपदा से निपटने में मददगार- प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए मोबाइल APP 'सचेत' की बात की। कहा- ये APP आपको किसी प्राकृतिक आपदा में फंसने से बचा सकते हैं। खास बात ये है कि 'सचेत APP' क्षेत्रीय भाषाओं में भी कई सारी जानकारियां उपलब्ध कराता है।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान- मोदी बोले 5 जून को 'विश्व पर्यावरण दिवस' पर इस अभियान के एक साल पूरे हो रहे हैं। इस अभियान के तहत देश-भर में मां के नाम पर 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। उन्होंने लोगो से इस अभियान का हिस्सा बनने की बात कही।
खेती में नए प्रयोगों को सराहा- मोदी ने कर्नाटक के बागलकोट में रहने वाले श्री शैल तेली जी के मैदानों में सेब उगाने की तारीफ की। वायनाड में एरोपोनिक्स टैकनिक से केसर उगाने में और दक्षिण भारत में लीची उगाने को दूसरे किसानों के लिए प्रेरणादायक बताया।
1917 के 'चंपारण सत्याग्रह' को याद किया- चंपारण सत्याग्रह पर मोदी बोले ये बापू का भारत में पहला बड़ा प्रयोग था। बापू के सत्याग्रह से पूरी अंग्रेज हुकूमत हिल गई थी। मोदी ने इस सत्याग्रह में अहम भूमिका निभाने वाले डॉ राजेन्द्र प्रसाद को भी याद किया। मोदी ने युवाओं को डॉ राजेन्द्र प्रसाद की किताब 'सत्याग्रह इन चंपारण' पढ़ने की सलाह दी। दांडी यात्रा और जलियांवाला बाग नरसंहार की बात की।