सीहोर की जय श्री गायत्री पनीर फैक्ट्री पर ईडी का छापा

दस्तावेजों की हो रही जांच
सीहोर। सीहोर में बुधवार सुबह जयश्री गायत्री फूड़ पनीर फैक्ट्री सहित इसके संचालक के घर पर ईडी की टीम जांच करने पहुंची है। मुरैना और सीहोर में फैक्ट्री संचालक के ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। यहां पर सीसीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं। अभी जांच जारी है, जिसके पूरे होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी। बताया जा रहा है कि जय श्री गायत्री पनीर फैक्ट्री में पनीर एवं कई प्रकार की खाद्य सामग्री बनाई जाती है। यहां करीब सात-आठ कार से करीब 15 सदस्यीय ईडी के अधिकारी एवं कर्मचारी रेड डालने पहुंचे हैं। साथ में केंद्रीय पुलिस रिजर्व बल सुरक्षा में तैनात है।
ईडी ने पुलिस को भी नहीं दी जानकारी
बुधवार की सुबह जय श्री गायत्री पनीर फैक्ट्री पर हुई छापामार कार्रवाई के बारे में ईडी द्वारा स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई है। नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत ने बताया कि सीहोर पुलिस का सहयोग जांच टीम द्वारा नहीं लिया गया है।
यहां चल रही कार्रवाई को गोपनीय रखा गया
सीहोर पुलिस को अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं है। संभवत भोपाल से ही पुलिस यहां ईडी टीम के साथ आई होगी। यहां चल रही पूरी कार्रवाई को अत्यंत गोपनीय रखा गया है। फैक्ट्री प्रबंधन या किसी आधिकारिक सूत्र की ओर से अभी तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
फैक्ट्री के बाहर तैनात पुलिस भी कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी साझा करने से बच रही है। बाहर से बुलाई गई पुलिस टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान मौके पर मौजूद हैं।