गिरते रुपया पर कांग्रेस का निशाना, अमिताभ बच्चन को याद दिलाया 2013 का ट्वीट
भोपाल। डॉलर के मुकाबले रुपया 93 के पार पहुंच गया है, लेकिन शहंशाह खामोश हैं. गिरते रुपये को लेकर अब सियासत गरमा गई है. कांग्रेस ने शहर में पोस्टर वार छेड़ते हुए सीधे महानायक अमिताभ बच्चन को निशाने पर लिया है. कांग्रेस ने उनका साल 2013 का पुराना ट्वीट याद दिलाते हुए सवाल उठाया है कि तब रुपये की गिरावट पर चिंता जताने वाले आज चुप क्यों हैं।
51 हजार रुपये के इनाम का ऐलान
इतना ही नहीं, कांग्रेस ने 51 हजार रुपये के इनाम का ऐलान भी कर दिया है कि जो कोई भी अमिताभ बच्चन से इस मुद्दे पर ट्वीट करवा दे या खुद बच्चन प्रतिक्रिया दें, उसे ये इनाम दिया जाएगा. बीजेपी ने इसे कांग्रेस की नोटंकी बताते हुए पलटवार किया है।
देश में सियासी बहस तेज
दरअसल डॉलर के मुकाबले लगातार गिरते रुपये ने अब देश में सियासी बहस को तेज कर दिया है. कांग्रेस ने इसे आर्थिक कुप्रबंधन का नतीजा बताते हुए अमिताभ बच्चन को निशाने पर लिया है. कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल ने शहर में पोस्टर लगाकर विरोध जताया. पोस्टरों में अमिताभ बच्चन का 2013 का ट्वीट दिखाया गया है, जिसमें उन्होंने गिरते रुपये पर चिंता जताई थी. कांग्रेस का कहना है कि अब जब रुपया 93 के पार पहुंच चुका है, तो कई बड़े सुपर स्टार चुप है. कांग्रेस सवाल उठा रही है कि उस समय आवाज उठाने वाले आज खामोश क्यों हैं।
कांग्रेस ने तंज कसते हुए इन सितारों से पूछा सवाल
कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में जूही चावला, अनुपम खेर और विवेक अग्निहोत्री समेत कई कलाकारों ने रुपये की गिरावट पर खुलकर प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन आज सभी चुप्पी साधे हुए हैं. मामले को और गर्माते हुए कांग्रेस ने 51 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है. पार्टी का कहना है कि जो भी अमिताभ बच्चन से इस मुद्दे पर ट्वीट करवा देगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा, साथ ही कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रुपये की मौजूदा गिरावट अकल्पनीय है।
गिरते रुपये के मुद्दे पर छिड़ी सियासत
गिरते रुपये के मुद्दे पर छिड़ी सियासत के बीच बीजेपी ने भी पलटवार किया है. बीजेपी पोस्टर पॉलिटिक्स को नौटंकी करार देते हुए कहा कि यह सिर्फ ध्यान भटकाने की कोशिश है, पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह इस तरह के हथकंडे अपना रही है, भाजपा ने यह भी कहा कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के चलते कई देशों की मुद्रा दबाव में है, लेकिन कांग्रेस इसे बेवजह राजनीतिक रंग देकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने
कुल मिलाकर, गिरते रुपये को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है, जहां भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने हैं, एक ओर विपक्ष इसे आर्थिक विफलता बता रहा है, तो वहीं सत्तापक्ष वैश्विक कारणों का हवाला दे रहा है, लेकिन इन आरोप-प्रत्यारोप के बीच असली असर आम जनता पर पड़ रहा है, जिनकी जेब पर बढ़ती महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

केरल विधानसभा चुनाव: पीनाराई विजयन ने विपक्ष पर साधा तीखा हमला
गिरते रुपया पर कांग्रेस का निशाना, अमिताभ बच्चन को याद दिलाया 2013 का ट्वीट
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
इंदौर में करण औजला का बड़ा कॉन्सर्ट, नगर निगम ने की साउंड सिस्टम जब्ती