हरियाणा में बदला मौसम: बारिश के बाद छाया घना कोहरा
हरियाणा। के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसम के बदलाव ने शनिवार की सुबह दिसंबर की सर्दी जैसा माहौल बना दिया। कई इलाकों में घना कोहरा और धुंध छा गई, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और लोगों को ठंड का अहसास हुआ। हाल ही में हुई बारिश के बाद अब कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जबकि किसानों के लिए यह बदलाव फायदेमंद साबित हो रहा है। कुरुक्षेत्र में अल सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता मात्र 25 मीटर तक सीमित रही। बादल छाए होने से अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है, लेकिन मौसम ठंडक भरा बना रहेगा। पानीपत में तीन दिनों की बारिश के बाद शनिवार को सुबह से तेज धुंध और कोहरा देखा गया। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री तक गिर गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार के अनुसार, अगले दो दिन बादल छाए रहेंगे और सोमवार को फिर बारिश हो सकती है। बहादुरगढ़ में गुरुवार-शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह घना कोहरा छा गया। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी रफ्तार से चलना पड़ा। काम पर जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कत हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। फतेहाबाद जिले में वीरवार की हल्की बारिश के बाद पूरा इलाका गहरी धुंध की चपेट में रहा। दृश्यता कम होने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ी और चालकों को लाइटें जलानी पड़ीं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री जबकि न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज हुआ। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह धुंध और तापमान में गिरावट गेहूं की फसल के लिए वरदान साबित हो रही है। ओस की बूंदें फसल को प्राकृतिक नमी दे रही हैं, जिससे दानों की चमक और गुणवत्ता बढ़ेगी। पैदावार में इजाफे की उम्मीद जताई जा रही है। कृषि विभाग ने किसानों को मौसम का फायदा उठाने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। झज्जर में भी शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जहां साढ़े 8 बजे तक दृश्यता 30 मीटर तक रही। लोगों को एक बार फिर सर्दी का अहसास हुआ और कई लोग गर्म कपड़े पहनकर नजर आए। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा कुछ कम हुआ। बादली क्षेत्र में दो दिनों की रुक-रुक कर बारिश से खेती-बाड़ी को नुकसान पहुंचा है। किसानों के अनुसार सरसों की खड़ी फसल खराब हो गई है और गेहूं के उत्पादन पर भी बुरा असर पड़ा है। क्षेत्र में 15 से 18 एमएम तक बारिश दर्ज की गई। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बादल, हल्की बारिश और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को सड़कों पर सतर्क रहने और वाहन धीमी गति से चलाने की सलाह दी जा रही है।

ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
इंदौर में करण औजला का बड़ा कॉन्सर्ट, नगर निगम ने की साउंड सिस्टम जब्ती
न स्टे, न राहत: सोम डिस्टिलरीज केस 23 मार्च को फिर टॉप प्राथमिकता पर सुना जाएगा
इंदौर में फायर वाहनों के नाम पर लाखों का घोटाला सामने आया