• प्रदेशभर में हो रहा विरोध 
  • भोपाल में मंत्री के पुतले जलाए
  • इंदौर में अर्थी निकाली

भोपाल। प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल के खिलाफ कांग्रेस गुुरुवार को प्रदेशभर के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रही है। दरअसल, मंत्री ने मांग पत्र लेकर आने वालों को भीख मांगने वाला बताया था। इस बयान के बाद से कांग्रेस लगातार हमलावर है। आज भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने चंचल चौराहा पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अशोक मारण के नेतृत्व में मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला जलाया गया और उनके इस्तीफे की मांग की गई। इसके अलावा, भोपाल के संत हिरदाराम नगर में भी प्रहलाद पटेल का पुतला जलाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि जब तक मंत्री माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध जारी रहेगा। इधर, इंदौर में दूसरे दिन भी विरोध किया गया। शहर के एक चौराहे पर मंत्री प्रह्लाद पटेल के पुतले की अर्थी निकाली गई। इसके बाद जब पुतला जलाने की कोशिश की तो पुलिस ने पुतला छिन लिया।
राजगढ़ में दिया था विवादित बयान
1 मार्च को राजगढ़ के सुठालिया में पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि, अब तो लोगों को सरकार से भीख मांगने की आदत पड़ गई है। नेता आते हैं, एक टोकना (टोकरी) भर कागज लेकर आते हैं। मंच पर माला पहनाएंगे और एक पत्र पकड़ा देंगे। यह अच्छी आदत नहीं है।
इंदौर में पटेल का पुतला छीना
इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महिला कार्यकर्ता भी अग्रसेन चौराहे पर प्रदर्शन कर रही थी। इस बीच चौराहे पर मंत्री पटेल के पुतले की अर्थी निकाली गई और पुतले को घुमाया गया। इधर, कांग्रेस नेताओं द्वारा मंत्री के पुतला फुंकने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहले से मौजूद थी। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मंत्री के पुतले को पुलिस से बचाकर जलाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस जवानों ने पुतला जलाने से रोकने की कोशिश करते हुए कांग्रेस नेताओं से पुतला छिन लिया। इस दौरान थोड़ी खींचतान भी देखने को मिली।
10 मार्च को भोपाल में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन
मंत्री प्रहलाद पटेल के बयान के विरोध में 10 मार्च को किसान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता शामिल होंगे। संयोग से 10 मार्च से ही विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है, जिससे यह प्रदर्शन और भी महत्वपूर्ण हो गया है।