• मानव संग्रहालय, कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर और सदर मंजिल में जाकर देखेंगे व्यवस्था

भोपाल। सोमवार से शुरू होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों को अंतिम रूप देने के पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज समिट स्थल और अन्य उद्योगपतियों, निवेशकों के रुकने वाले स्थानों का दौरा करेंगे। मुख्य सचिव अनुराग जैन की मौजूदगी में मुख्यमंत्री यादव यहां की सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के समिट के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के चलते यहां सुरक्षा प्रबंधों पर भी खास फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव सबसे पहले प्रात: 11.30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचेंगे। यहां पीएम नरेंद्र मोदी कल शाम बीजेपी सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ संवाद करने वाले हैं। इसके बाद सीएम त्रढ्ढस् की तैयारियों का निरीक्षण करने दोपहर 12.30 बजे मानव संग्रहालय जाएंगे। यहां त्रढ्ढस् के लिए बनाए गए पवेलियन, मुख्य सभागार, विभागीय सेक्टर सम्मेलन स्थल समेत अन्य कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश देंगे। आज ही सायं 6.50 बजे सीएम यादव सदर मंजिल में जीआईएस की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। यहां देश विदेश से आने वाले निवेशकों के रुकने और बैठक की व्यवस्था की गई है।
अमृतस्य मध्यप्रदेश की प्रस्तुति की तैयारियां
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) में निवेशकों, उद्योगपतियों और अतिथियों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध संस्कृति का अनुभव कराने के लिए विशेष रूप से संयोजित अमृतस्य मध्यप्रदेश नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी। इसकी तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत विविधता और पर्यटन स्थलों की खूबसूरती को प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में 100 से अधिक कलाकार अनूठे रूप में दिखाएंगे। इसके साथ ही आयोजन स्थल इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय में प्रदेश के पारंपरिक और स्थानीय लोकनृत्य, मटकी नृत्य, करमा जनजातीय नृत्य आदि की प्रस्तुति एक विशेष आकर्षण होगी।
23 फरवरी को ताज लेक फ्रंट होटल में शाम 6:30 बजे से बांसुरी, सरोद, सारंगी और जुगलबंदी जैसी संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
लोक कला दलों की होगी प्रस्तुति
समिट के पहले दिन 24 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय में सुबह 8 बजे से स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित करते लोक कला दलों की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसी दिन ओडीओपी मंच और मध्यप्रदेश पेवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी, जिसमें गोंड और भील जनजातियों की लोक संस्कृति एवं बुंदेलखंड व चंबल अंचल की विरासत का प्रदर्शन भी किया जाएगा। शाम को गाला डिनर के दौरान लोकांचल नृत्य बधाई, मटकी, जनजातीय नृत्य करमा के साथ विशेष 'अमृत्य मध्यप्रदेश' नृत्य नाटिका का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर विभिन्न मंचों पर लोकगीत, जनजातीय संगीत और पारंपरिक लोक नृत्य का मंचन किया जाएगा।