भोपाल। 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आम जनता के साथ फिर संवेदनशील व्यवहार दिखाई दिया। रविवार को भोपाल के भदभदा पुल के पास उन्होंने अपना काफिला रूकवाया और भुट्टे का स्वाद लिया। इससे पहले भी मुख्यमंत्री अलग-अलग जगहों पर इस तरह जनता के बीच पहुंचकर उनके साथ संवाद किया था। रविवार की शाम को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यही सहज रूप सामने आया। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान के पास जब वे भदभदा पुल से गुजर रहे थे, तो एक बहन ने आवाज लगाकर कहा कि 'साहब, भुट्टे लेते जाइए।' इस पर मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और नागरिकों के बीच जाकर भुट्टे का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ वहीं भुट्टा खाया, बल्कि अपने साथ भी ले गए। साथ ही महिला से मुख्यमंत्री ने बात करते हुए पूछा कि लाडली बहना से जुड़ी हुई हो? राशि समय पर आती है? साथ ही बच्चों को स्कूल जाने के लिए भी प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित अन्य लोगों से भी आत्मीय संवाद किया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। खास बात यह रही कि पूरा घटनाक्रम बिना ट्रैफिक अवरुद्ध किए संपन्न हुआ।
आनंद की अनुभूति हुई
इसके बाद सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बारिश के मौसम में लोग अक्सर अपनी आजीविका के लिए भुट्टे का विक्रय रेहड़ी-पटरी और ठेले लगाकर करते हैं। यात्रा के दौरान बहनों को भुट्टे का व्यवसाय करते देखा तो वहां रूक कर प्रोत्साहित किया और इसी दौरान बहनों और बच्चों के साथ फोटो खिंचवा कर आशीर्वाद लिया। यह पल आनंद की अनुभूति से सराबोर था।